कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस।- फाइल फोटो
पंजाब के लुधियाना में बीती रात कांग्रेस के सीनियर नेता और आत्म नगर सीट से पूर्व विधायक सिमरजीत सिंह बैंस की कार पर फायरिंग कर दी गई। यह घटना थाना डेहलों के इलाके में उस समय हुई, जब बैंस अपने फॉर्म हाउस से गाड़ी लेकर बाहर निकल रहे थे।
.
सूत्रों के मुताबिक, बैंस का अपने बड़े भाई परमजीत सिंह बैंस के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते परमजीत के बेटे जगजोत ने उन पर गोलियां चलाईं। घटना में तीन राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से एक गोली गाड़ी के टायर पर लगी। गनीमत रही कि सिमरजीत सिंह बैंस को कोई चोट नहीं आई।
फिलहाल, दोनों भाइयों के घरों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस टीम दोनों भाइयों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। इसी दौरान फार्म हाउस से बाहर निकले एक पुलिस अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई तो वो सवालों से बचते हुए नजर आए, उनसे सवाल किया कि गोली चली है कि नहीं तो इसके जवाब में उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि एडीसीपी -2 से बात करो, इतना कहकर वो वहां से चले गए।
वहीं, थाना डेहलों के एसएचओ सुखजिंदर ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत दर्ज होने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फार्महाउस के बाहर तैनात पुलिस, सूत्रों के अनुसार पुलिस अंदर पूर्व विधायक से पूछताछ कर रही है।
परिवार में सन्नाटा, हाईकमान सक्रिय घटना के बाद मीडिया ने जब परिवार से बात करने की कोशिश की तो किसी ने कुछ नहीं कहा। पत्रकारों को फार्महाउस के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है, और ना ही परिवार किसी तरह की कोई जानकारी साझा कर रहा है।
वहीं, सूत्रों के अनुसार अब ये मामला कांग्रेस हाईकमान तक पहुंच चुका है और वह इसे सुलझाने की कोशिश कर रहा है।
2017 में बनाई थी खुद की पार्टी संगरूर के मौजूदा सांसद सिमरनजीत सिंह मान के साथ राजनीतिक करियर शुरू करने वाले सिमरजीत सिंह बैंस, सुखबीर सिंह बादल की अगुआई में अकाली दल में शामिल हुए थे। शिअद में उनके ऊपर कई आरोप लगते रहे। बैंस के खिलाफ तहसीलदार को कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का भी मामला दर्ज हुआ था।
अकाली दल द्वारा चुनाव टिकट नहीं दिए जाने से नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद सिमरजीत ने आत्म नगर और बलविंदर ने लुधियाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत गए। बैंस ने 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में लोक इंसाफ पार्टी बनाई और AAP से गठजोड़ कर लिया। इस बार भी दोनों भाई चुनाव जीत गए।

सिमरजीत सिंह बैंस के फार्म हाउस के बाहर का दृश्य।
2 बार जेल जा चुके हैं बैंस सिमरजीत सिंह बैंस 2 बार जेल जा चुके हैं। 2009 में उन पर तहसीलदार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था। इस केस में वह 6 महीने जेल में काट चुके हैं। इसके बाद 10 जुलाई 2021 में उन पर महिला ने रेप करने की कोशिश का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था।
