- Hindi News
- National
- Ladakh Statehood Protest LIVE Video Update; Leh Violence BJP | Sonam Wangchuk
लेह6 घंटे पहलेलेखक: एजेंसी इनपुट्स के साथ तेसवांग रिग्जिन और रउफ डार
- कॉपी लिंक
प्रदर्शनकारियों ने CRPF की गाड़ी में आग लगा दी और लेह में बीजेपी का ऑफिस फूंक दिया।
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर लेह में बुधवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ। छात्रों की पुलिस और सुरक्षाबलों से झड़प हो गई। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 70 से ज्यादा लोग घायल हैं।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। भाजपा ऑफिस और CRPF की गाड़ी में आग लगा दी। उधर, प्रशासन ने लेह में बिना अनुमति रैली, प्रदर्शन पर बैन लगा दिया है।
ये छात्र सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वांगचुक पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे। मांगें पूरी न करने के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने आज बंद बुलाया था। इसी दौरान हिंसा हुई।
हिंसा के बाद वांगचुक ने अनशन तोड़ते हुए कहा,
यह लद्दाख के लिए दुख का दिन है। हम पांच साल से शांति के रास्ते पर चल रहे थे। अनशन किया, लेह से दिल्ली तक पैदल चलकर गए। आज हम शांति के पैगाम को असफल होते हुए देख रहे हैं। हिंसा, गोलीबारी और आगजनी हो रही है। मैं लद्दाख की युवा पीढ़ी से अपील करता हूं कि इस बेवकूफी को बंद करें। हम अपना अनशन तोड़ रहे हैं, प्रदर्शन रोक रहे हैं।


6 अक्टूबर को सरकार के साथ बैठक
इन मांगों को लेकर सरकार के साथ बैठक दिल्ली में 6 अक्टूबर को होगी।
साल 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A हटाते समय जम्मू-कश्मीर और लद्दाख दो केंद्र शासित प्रदेश बनाए गए थे।
सरकार ने उस समय ही राज्य के हालात सामान्य होने पर पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का भरोसा दिया था।
हिंसक प्रदर्शन की 4 तस्वीरें…

सोनम वांगचुक के समर्थन में सैकड़ों स्थानीय लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।

पुलिस छात्रों के प्रदर्शन रोकने आई तो प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।

पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों ने लेह में बीजेपी ऑफिस में आग लगा दी।

प्रदर्शन कर रहे युवा बेकाबू हो गए और CRPF की गाड़ी भी फूंक दी।
अब जानिए हिंसा कैसे भड़की…2 पॉइंट में
- सोशल मीडिया से भीड़ जुटाई: आंदोलनकारियों ने मंगलवार की रात को 24 सितंबर को लद्दाख बंद बुलाने का आह्वान किया था। भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया गया। लोगों से लेह हिल काउंसिल पहुंचने की अपील की। इसका असर दिखा और बड़ी तादाद में लोग पहुंचे।
- पुलिस-प्रदर्शनकारियों की झड़प: लेह हिल काउंसिल के सामने आंदोलनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगा रखे थे। जब आंदोलन कारी आगे बढ़े तो पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी, लेकिन भीड़ ने पुलिस की गाड़ी जलाई और तोड़फोड़ की।

पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दें…
लेह में हिंसक प्रदर्शन से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…
अपडेट्स
04:59 PM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता बोले- विरोध प्रदर्शनों में साजिश की गंध
लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि लेह में चल रहे विरोध प्रदर्शनों में साजिश की गंध आ रही है। उनका कहना है कि कुछ लोग जानबूझकर लोगों को भड़का रहे हैं और इसकी तुलना बांग्लादेश और नेपाल में हुए विरोध प्रदर्शनों से की जा रही है।
गुप्ता ने बताया कि अगर प्रशासन ने समय रहते विरोध को काबू में नहीं किया होता तो हालात और बिगड़ सकते थे।
उन्होंने यह भी कहा कि विरोध में लद्दाख के बाहर के लोग शामिल हैं या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। गुप्ता ने कहा- ‘आज जो लोग मारे गए उसकी ज़िम्मेदारी उन्हीं की है जिन्होंने भीड़ को भड़काया। ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। मेरी कोशिश है कि लद्दाख में शांति बनी रहे।’
01:17 PM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
वांगचुक बोले- हिंसा का कारण युवाओं में बढ़ती नाराजगी
सोनम वांगचुक ने लेह में हुई हिंसा पर दुःख जताया। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती नाराजगी इस हिंसा का कारण बनी।उन्होंने बताया कि मंगलवार को एक 72 साल के आदमी और 62 साल की महिला को घायल होने पर अस्पताल ले जाना पड़ा था। यह घटना हिंसा का मुख्य कारण बनी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का कोई असर न होने से युवाओं में गुस्सा बढ़ा। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि 3 से 5 युवाओं की मौत हुई।
12:51 PM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
सोनम की भास्कर रिपोर्टर वैभव पलनीटकर से बातचीत
सोनम ने भास्कर रिपोर्टर वैभव से बातचीत में कहा कि मुझे सही तो नहीं पता कि कौनसे हथियार प्रयोग किए गए, रबर गोली का तो सुना था। हालांकि, हमारे कई युवा मारे गए हैं। इससे लगता है कि असली गोली भी चलाई गई है।
आगे की रणनीति पर कहा कि कल जब गृह मंत्रालय के बड़े अधिकारी आएंगे तो देखेंगे कि वो हमारी बात सुनते हैं कि पहले की तरह अनसुना करते हैं।हम पिछले 5 सालों से शांति और अनशन के माध्यम से अपनी बात रख रहे थे, अगर वो सुनी जाती तो युवाओं को सड़कों पर नहीं आना पड़ता। जब शांतिपूर्ण रास्ता मजाक बन रहा था तो ये रास्ता अपनाया।
सोशल मीडिया पर आंदोलन को GenZ रिवोल्यूशन बताने की वायरल वीडियो पर सोनम ने कहा- मैने GenZ रिवोल्यूशन शब्द यूज नहीं किया।
12:12 PM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
जो हुआ वो बहुत दुखद: सोनम वांगचुक
लेह में हुई हिंसा पर सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा कि आज जो हुआ वो बहुत दुखद है। कहा जा रहा है कि 3-4 युवक मारे गए हैं।
11:54 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
लेह एपेक्स बॉडी ने बताया- दो लोगों की तबीयत खराब होने से हालात बिगड़े
लेह एपेक्स बॉडी के अध्यक्ष चेरिंग दोरजे ने दैनिक भास्कर को बताया कि शहर में भारी गोलीबारी हुई। इसमें कई लोग घायल हुए और अब तक 4 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने बताया, लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) की युवा इकाई लद्दाख बंद का आयोजन किया था। अनशन पर बैठे 2 लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा है। इसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। कुछ युवाओं ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।
11:19 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
लेह में बिना अनुमति जुलूस, रैली, मार्च पर बैन
प्रदर्शन के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने आदेश जारी किया कि लेह में पहले से लिखित अनुमति के बिना कोई जुलूस, रैली या मार्च नहीं निकाला जाएगा।जिले में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

11:17 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
लेह में जुलूस, रैली और मार्च पर रोक
लेह जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए जिले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है। अब कोई भी जुलूस, रैली या मार्च बिना पूर्व अनुमति के नहीं किया जा सकेगा।
साथ ही आदेश में साफ कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति ऐसा बयान नहीं देगा जिससे शांति भंग हो या कानून-व्यवस्था की समस्या खड़ी हो। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला इलाके में शांति बनाए रखने और हालात बिगड़ने से रोकने के लिए लिया गया है।
10:56 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता बोले- केंद्र मांग को अनसुना कर रहा
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता शेख बशीर अहमद ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारा मानना है कि 5 अगस्त 2019 के फैसले को लेह या जम्मू-कश्मीर के लोगों ने स्वीकार नहीं किया। दुख की बात है कि लोग सिर्फ अब ही विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि तब से मांग कर रहे हैं जब उनका क्षेत्र यूनियन टेरिटरी बना था। वे पांचवीं अनुसूची लागू करने और विधायी अधिकार देने की मांग करते रहे हैं। जब इन मांगों को अनसुना किया गया, तो कुछ लोगों ने कथित रूप से ऑफिस में आग लगाई और हिंसा की, जिससे यह स्थिति बनी।”
10:39 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
NC विधायक बोले- लद्दाख के साथ गलत हो रहा
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने कहा, “यह बहुत दुख की बात है कि सब कुछ गलत तरीके से संभाला जा रहा है। जिस तरह से जम्मू-कश्मीर को संभाला जा रहा है, उसी तरह लद्दाख के साथ भी गलत हो रहा है। हालांकि यह सच है, हम हिंसा की निंदा करते हैं और उम्मीद करते हैं कि दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार लद्दाख के लोगों के साथ बैठकर बातचीत करेगी।”
10:23 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
लेह में हिंसा की 2 VIDEO
09:36 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
वांगचुक ने अनशन तोड़ा, युवाओं से अपील- हिंसा रोकें
हिंसा के बाद सोनम वांगचुक ने कहा, यह लद्दाख के लिए दुख का दिन है। हम पांच साल से शांति के रास्ते पर चल रहे थे। अनशन किया, लेह से दिल्ली तक पैदल चलकर गए। आज हम शांति के पैगाम को असफल होते हुए देख रहे हैं। हिंसा, गोलीबारी और आगजनी हो रही है। मैं लद्दाख की युवा पीढ़ी से अपील करता हूं कि इसे रोक दें, ये लद्दाख के मुद्दे का समर्थन नहीं है। इससे स्थिति और गंभीर होती जाएगी। मैं अपील करता हूं प्रशासन से कि गोलाबारी रोक दें। हम अपना अनशन तोड़ रहे हैं, प्रदर्शन रोक रहे हैं। हम चाहते हैं कि प्रशासन अपना दबाव छोड़ दें। युवा भी हिंसा रोक दें, हमारी यही अपील है। हम लद्दाख और देश में अस्थिरता नहीं आने देना चाहते।
09:31 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
लद्दाख में पिछले एक साल में प्रदर्शन तेज हुआ

09:30 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
सोनम वांगचुक बोले- ‘ये युवाओं की भड़ास थी, GenZ रेवोल्यूशन’
09:09 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
पुलिस से झड़प में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए, VIDEO
08:57 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी सरकार हाय-हाय के नारे लगाए
08:52 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
प्रदर्शनकारियों का BJP ऑफिस में आग लगाने का VIDEO
08:49 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
लेह में हिंसक प्रदर्शन, देखें VIDEO
08:47 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
आर्टिकल 370 हटने के बाद लद्दाख में विरोध शुरू
केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाकर पूर्ण राज्य का दर्जा खत्म कर दिया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर एक अलग केंद्र शासित प्रदेश बना। लेह और कारगिल को मिलाकर लद्दाख अलग केंद्र शासित प्रदेश बना था।
इसके बाद लेह और कारगिल के लोग खुद को राजनीतिक तौर पर बेदखल महसूस करने लगे। उन्होंने केंद्र के खिलाफ आवाज उठाई। बीते दो साल में लोगों ने कई बार विरोध-प्रदर्शन कर पूर्ण राज्य का दर्जा और संवैधानिक सुरक्षा मांगते रहे हैं, जिससे उनकी जमीन, नौकरियां और अलग पहचान बनी रही, जो आर्टिकल 370 के तहत उन्हें मिलता था।

08:46 AM24 सितम्बर 2025
- कॉपी लिंक
अगस्त 2024 में गृह मंत्री ने लद्दाख में 5 नए जिले बनाने का ऐलान किया था
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 26 अगस्त 2024 को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में 5 नए जिले बनाने की घोषणा की थी। नए जिलों का नाम जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग होगा।
नए जिलों की घोषणा से पहले लद्दाख में केवल दो जिले थे, लेह और कारगिल। अब इनकी संख्या बढ़कर 7 हो जाएगी।
