नई दिल्ली/ग्रेटर नोएडा9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
राहुल गांधी ग्रेटर नोएडा में एक टीवी असेंबलिंग यूनिट के विजिट पर गए थे, उसका वीडियो शेयर किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को सरकार की मेक इन इंडिया पहल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ असेंबलिंग है, प्रोडक्शन नहीं। जब तक भारत उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बन जाता, रोजगार, विकास और मेक इन इंडिया की बातें सिर्फ भाषण ही रहेंगी।
राहुल ने X पर हिंदी में एक पोस्ट में लिखा- ग्राउंड लेवल पर बदलाव और असेंबली लाइन से आगे बढ़कर ही भारत मैन्यूफैक्चरिंग पावर बन सकता है। तभी हम चीन के साथ मुकाबला कर सकेंगे।
राहुल ने ग्रेटर नोएडा में टीवी असेंबल करने वाली एक लोकल यूनिट का दौरा किया। उन्होंने 7 मिनट का एक वीडियो भी शेयर किया है।

राहुल गांधी ने 7 मिनट के वीडियो में टीवी असेंबलिंग के बारे में कई और सवाल भी पूछे।
पढ़ें राहुल गांधी की पोस्ट…
क्या आप जानते हैं कि भारत में बने ज़्यादातर TVs का 80% हिस्सा चीन से आता है? ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर हम सिर्फ असेंबली कर रहे हैं- असली मैन्युफैक्चरिंग नहीं। आईफोन से लेकर TV तक- पुर्जे विदेश से आते हैं, हम बस जोड़ते हैं। छोटे उद्यमी निर्माण करना चाहते हैं, लेकिन न नीति है, न सपोर्ट। उल्टा, भारी टैक्स और चुने हुए कॉरपोरेट्स का एकाधिकार- जिसने देश के उद्योग को जकड़ रखा है। जब तक भारत उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बनता, रोजगार, विकास और मेक इन इंडिया की बातें सिर्फ भाषण रहेंगी। जमीनी बदलाव चाहिए ताकि भारत असेंबली लाइन से निकलकर असली मैन्युफैक्चरिंग पावर बने और चीन को बराबरी की टक्कर दे सके।

पहले भी मेक इन इंडिया पर सवाल उठा चुके राहुल गांधी
- जनवरी 2018- राहुल ने तब ट्विटर (अब X) पर टिप्पणी की थी। उन्होंने इस योजना को फेक इंडिया प्रोग्राम कहा। आरोप लगाया कि निवेश गिरकर 13 साल के निचले स्तर पर आया है।
- अप्रैल 2019- तमिलनाडु के सलेम में चुनावी रैली में कहा था- मोदी जी ने मेक इन इंडिया का नाम का खाली नारा दिया, पर जहां देखें सब कुछ मेक इन चाइना दिखाई देता है। यानी बाजार चीन से भरा हुआ है।
- फरवरी 2020- मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक रैली के दौरान राहुल ने कहा था- देश मेक इन इंडिया की बात करता है, लेकिन वास्तव में सब मेड इन चाइना है। उन्होंने युवाओं की बेरोजगारी के लिए सरकार की गलत नीतियों को दोषी ठहराया।
- फरवरी 2025- लोकसभा में राष्ट्रपति के संबोधन पर जवाब देते हुए कहा कि मेक इन इंडिया पहल अच्छी थी, लेकिन यह असफल रही। निर्माण क्षेत्र का हिस्सा GDP में घटकर 15.3% से 12.6% हो गया, जो 60 साल में सबसे कम है। प्रधानमंत्री ने प्रयास किया, लेकिन परिणाम खराब रहे।
- जून 2025- नेहरू प्लेस में टेक्निशियन से संवाद में कहा- हम सिर्फ असेंबल करते हैं, चीन मुनाफा कमाता है। आरोप लगाया कि PLI योजना भी धीरे-धीरे बंद हो रही है। युवाओं की बेरोजगारी और चीन पर निर्भरता को प्रमुख समस्या बताया।
राहुल गांधी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
राहुल बोले-ट्रम्प का फोन आया, नरेंदर तुरंत सरेंडर हो गए: इतिहास गवाह है, यही BJP-RSS का कैरेक्टर; कांग्रेस के शेर-शेरनियां कभी झुकते नहीं

राहुल गांधी ने मई 2025 में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री मोदी पर बयान दिया। राहुल बोले कि ट्रम्प का एक फोन आया और नरेंद्र जी तुरंत सरेंडर हो गए। उन्होंने कहा, “इतिहास गवाह है, यही BJP-RSS का कैरेक्टर है। ये हमेशा झुकते हैं। भारत ने 1971 में अमेरिका की धमकी के बावजूद पाकिस्तान को तोड़ा था। कांग्रेस के बब्बर शेर और शेरनियां सुपर पावर से लड़ते हैं, कभी झुकते नहीं हैं।” पढ़ें पूरी खबर…