धरने में शामिल लोगों ने हाथ खड़े कर मनीषा के अंतिम संस्कार पर सहमति जताई थी। इनसेट में मनीषा की फोटो।
हरियाणा के भिवानी की लेडी टीचर मनीषा का आज सुबह 8 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके लिए गांव ढाणी लक्ष्मण के श्मशान घाट पर तैयारी की जा रही है। वहीं शव को भी भिवानी सिविल अस्पताल से गांव लाया जा रहा है।
.
शव सीधा श्मशान घाट ही लाया जाएगा। मनीषा के पिता संजय ग्रामीणों के साथ श्मशान घाट की ओर रवाना हो गए हैं।
गांव में पुलिस तैनात है। रैपिड एक्शन फोर्स भी यहां पर मौजूद है। इससे पहले पुलिस ने बंद रास्तों को JCB के जरिए खुलवाया।
बुधवार को दिल्ली AIIMS में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया था। मनीषा के अंतिम संस्कार के लिए परिवार बुधवार को शाम करीब 6 बजे राजी हुआ था। दरअसल, परिवार ने 2 मांगें सरकार के सामने रखी थीं, जिसमें केस की जांच CBI से कराने और दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम करवाना शामिल था।
CM नायब सैनी ने कहा कि परिवार की मांग पर जांच CBI को सौंपी जा रही है। इस मामले में पूरा न्याय किया जाएगा। दोपहर होने तक सरकार ने दूसरी मांग भी मान ली और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दिल्ली भेजा गया। इस दौरान मनीषा के परिवार को भी पुलिस एस्कॉर्ट करके दिल्ली ले गई।
इसके बाद मनीषा के दादा राम किशन ने धरने में कहा कि हमारी दोनों मांगें पूरी हो गई हैं। हम बेटी का अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया।
दिल्ली एम्स में करीब 2 घंटे तक मनीषा का पोस्टमॉर्टम किया गया।
