नई दिल्ली3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सोशल मीडिया पर आम जनता भी कर रही है भारत पाकिस्तान मैच का विरोध
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 के कल होने वाले मैच का लगातार विरोध हो रहा है। पहलगाम हमला और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच ये पहला मौका है जब दोनों देश आमने सामने होंगे।
शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे व अन्य नेता मैच को रद्द किए जाने की मांग कर रहे हैं। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आम जनता भी इसे मैच के खिलाफ लिख रही है।
सुप्रीम कोर्ट में भी मैच को रद्द करने की मांग करने वाली याचिका दायर की गई जिसपर सुनवाई से कोर्ट ने इनकार कर दिया।
एशिया कप 2025 में भारत पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर 2025 को दुबई में मैच खेला जाएगा। यह मैच शाम 8:00 बजे IST से शुरू होगा। यह दोनों टीमों टूर्नामेंट में दूसरा मैच है।
BCCI ने कहा है कि वे सरकार की नीति का पालन कर रहे हैं, जो बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की अनुमति देती है।
पहलगाम हमले में हुई थी 26 पर्यटकों की मौत

मैच को लेकर भारत में बॉयकॉट की मांगें तेज हैं। दरअसल, 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की गोली मार के हत्या कर दी गई थी।
हमले के जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया जिसमें पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया। इसमें 100 से ज्यादा आतंकियों की मौत हुई थी। पाकिस्तान ने भारत की कार्रवाई का जवाब देते हुए हमला किया। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर का एलान हुआ।
हमले के बाद से अबतक दोनों देशों के बीच स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।
हमले के बाद आयोजित एशिया हॉकी कप में पाकिस्तान की टीम ने भारत आने से कर दिया था मना

एशिया हॉकी कप 2025 (मेंस) 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर में खेला गया था, जो 2026 FIH वर्ल्ड कप का क्वालीफायर था। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से सुरक्षा का हवाला देते हुए भारत आने से मना कर दिया था।
इसके अलावा इंग्लैंड में हुए वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ लेजेंड्स में भी भारतीय क्रिकेटरों ने भी पाकिस्तान के साथ खेलने से मना कर दिया था।
राजनीतिक पार्टियां लगातार कर रही हैं विरोध
कई राजनीतिक दल जैसे उद्धव ठाकरे मैच रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा- भारतीय सैनिक सीमा पर अपनी जान कुर्बान कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देता है, ऐसे में क्रिकेट मैच खेलना देशभक्ति का मजाक है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते” का हवाला देते हुए पूछा कि “खून और क्रिकेट कैसे साथ चल सकते हैं?”
ठाकरे ने विरोध जताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देशभक्ति को व्यापार बना दिया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदर्शन करने की बात कही।

ठाकरे ने अपने पिता बाल ठाकरे का जिक्र भी किया। बताया कि पाकिस्तानी क्रिकेटर जावेद मियांदाद से कहा था- जब तक पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां बंद नहीं करेगा, तब तक क्रिकेट नहीं खेला जाएगा।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितीश राणे ने उद्धव ठाकरे के बयान का जवाब देते हुए कहा कि आदित्य ठाकरे खुद बुर्का पहनकर ये मैच देखेंगे औऱ पाकिस्तान के नारे भी लगाएंगे।
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा- जब एसीसी या आईसीसी के बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं, तो देशों के लिए भाग लेना एक मजबूरी, एक आवश्यकता बन जाती है। यदि वे ऐसा नहीं करते, तो उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएगा।

आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों का “अपमान” करने का आरोप लगाया। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मैच आयोजित करने के फैसले पर सवाल उठाया और दिल्ली के क्लबों, पबों तथा रेस्तरां को मैच दिखाने के खिलाफ चेतावनी दी।
लखनऊ में BCCI का पुतला फूंका

लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर 3 पर BCCII का पुतला फूंका गया। मैच को लेकर छात्रों में नाराजगी दिखी।छात्रों ने कहा मेरी रगों में अभी भी गर्म सिंदूर दौड़ रहा है।
कानपुर के शुभम द्विवेदी की पत्नी बोलीं- भारत पाकिस्तान मैच ना देखें

पहलगाम में कानपुर के शुभम द्विवेदी को आतंकियों ने उनकी पत्नी ऐशन्या की आंखों के सामने गोली मार दी थी। ऐशन्या ने इस मैच का विरोध किया है। उन्होंने ANI से बातचीत में कहा- पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए। ऑपरेशन सिंदूर में कई जवानों की जान गई। बावजूद इसके मैच कराया जा रहा है।
मुझे लगता है कि BCCI में इमोशंस नहीं हैं। इन सब की शहादत आपके लिए कोई वैल्यू नहीं रखती। शायद इसलिए, क्योंकि आपके घर से कोई नहीं गया। ऐशन्या ने हाथ जोड़कर पब्लिक से अपील की है कि प्लीज आप लोग मैच का बॉयकाट कीजिए। टीवी पर भी मत देखिए। पूरी खबर पढ़ें…
10 साल में पाकिस्तान जीता केवल एक मैच
टीम इंडिया ने UAE के खिलाफ 9 विकेट की जीत से अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं पाकिस्तान आज ओमान के खिलाफ टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेलेगी।
टूर्नामेंट इतिहास में दोनों ने आपस में 18 मैच खेले। 10 में भारत और 6 में पाकिस्तान को जीत मिली। हालांकि, पिछले 10 साल में राइवलरी एकतरफा सी हो गई, जहां पाकिस्तान को 7 मुकाबलों में महज 1 बार जीत नसीब हो सकी।
एशिया कप 1984 से खेला जा रहा है। भारत ने 8 और पाकिस्तान ने 2 खिताब जीते हैं, लेकिन दोनों टीमें कभी फाइनल में आमने-सामने नहीं हो सकीं। स्टोरी में जानते हैं दोनों प्रतिद्वंद्वी टीमों का एशिया कप में एक-दूसरे के खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है।
भारत ने पाकिस्तान को 56% मैच हराए
1984 में पहली बार एशिया कप खेला गया, तब भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने ही हिस्सा लिया। भारत ने शारजाह में पाकिस्तान को 54 रन से हराया और फिर राउंड रॉबिन फॉर्मेट जीतकर खिताब भी उठा लिया। तब श्रीलंका रनर-अप और पाकिस्तान तीसरे नंबर पर रही थी।
1984 से दोनों टीमों के बीच वनडे और टी-20 एशिया कप में 18 मैच खेले गए। 56% यानी 10 में भारत को जीत मिली, वहीं 6 मुकाबले पाकिस्तान के नाम रहे। 1997 और 2023 में दोनों टीमों के बीच 1-1 मुकाबला बेनतीजा भी रहा था।

वनडे एशिया कप में भारत ने 53% मैच जीते
एशिया कप 14 बार वनडे और 2 बार टी-20 फॉर्मेट में खेला गया। इस दौरान वनडे फॉर्मेट में दोनों के बीच 15 मैच हुए। 8 में भारत और 5 में पाकिस्तान को जीत मिली। इस दौरान 2 मुकाबले बेनतीजा भी रहे। यानी भारत ने पाकिस्तान को 53% वनडे मुकाबले हराए।
टी-20 एशिया कप में दोनों टीमें 2016 में मीरपुर के मैदान पर पहली बार भिड़ी थीं। तब भारत ने 5 विकेट से मुकाबला जीता था। 2022 में दोनों के बीच दुबई में 2 टी-20 खेले गए। पहला मैच भारत ने और दूसरा मैच पाकिस्तान ने 5 विकेट से जीता। पिछले 10 साल में यह पाकिस्तान की भारत पर इकलौती जीत भी थी। इस दौरान भारत ने 5 मैच जीत लिए।

एशिया कप फाइनल में कभी नहीं भिड़े दोनों
एशिया कप का 17वां एडिशन UAE में खेला जा रहा है। अब तक 16 बार हुए टूर्नामेंट को भारत और पाकिस्तान दोनों ने 1-1 बार बॉयकॉट किया। 15 में से 8 बार भारत ने टूर्नामेंट जीता और 3 बार टीम रनर-अप भी रही। यानी भारत महज 4 बार ही फाइनल में जगह नहीं बना सका। इन सभी में पाकिस्तान ने खिताबी मुकाबला खेला।
पाकिस्तान ने 15 एडिशन में 2 ही बार टाइटल जीता था। टीम ने 2000 में श्रीलंका और 2012 में बांग्लादेश को फाइनल हराकर खिताब जीता। टीम 2022, 2014 और 1986 में रनर-अप भी रही, लेकिन कभी भारत से खिताबी भिड़ंत नहीं कर पाई। 48 साल पुराने टूर्नामेंट में इस बार 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं, लेकिन क्या इस बार दोनों चीर-प्रतिद्वंद्वी टीमें एक साथ फाइनल तक का सफर तय कर पाएंगी?
