धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
अयोध्या में राम मंदिर से करीब 25 किमी दूर पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम धमाके के बाद एक मकान पूरी तरह ढह गया। धमाके की गूंज एक किमी दूर तक सुनाई दी। मलबा 200 मीटर दूर तक बिखर गया।
.
मकान के मलबे में दबकर पिता, दो बेटे, एक बेटी और साली की मौत हो गई। पिता के चीथड़े उड़ गए थे। वहीं, पत्नी लापता है।
घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के घरों को खाली कराया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।
पुलिस ने शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका में JCB से मलबा हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस घर में धमाका हुआ है, वहां फटा कुकर और सिलेंडर मिला है। एक साल पहले भी गांव में धमाका हुआ था। जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी।
शासन का कहना है- अयोध्या में घटना पटाखा विस्फोट की ना होकर LPG सिलेंडर फटने की प्रतीत हो रही है। डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और जांच की। CM योगी ने पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
बीते 4 दिनों में अयोध्या में दूसरी बार विस्फोट हुआ है। इससे पहले 5 अक्टूबर को बीकापुर कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर धमाका हुआ था। धमाके से एक युवक की मौत हो गई थी। जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटनास्थल की 3 फोटो देखिए…
धमाके के बाद घर के बाहर बिखरा पड़ा सामान और मलबा।

जेसीबी से मकान के मलबे को हटाया गया।

धमाके से पूरा मकान गिर गया। मलबे से पांच लोगों के शव को बाहर निकाला गया था।
पिता और 2 बेटों की मौत, दो लोगों के दबे होने की आशंका मामला थाना पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के पगलाधारी गांव का है। यहां रहने वाले राम कुमार कसौंधन उर्फ पप्पू घर में अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम करता था। गुरुवार शाम करीब 7 बजे अचानक घर में तेज धमाका हुआ। इससे पूरा घर गिर गया। मलबे के नीचे दबकर पांच की मौत हो गई।
मरने वालों में राम कुमार कसौंधन उर्फ पारसनाथ उर्फ पप्पू, उनके 2 बेटे लव (8) और यश, बेटी इशी की मौत हो गई। घर में उनकी साली वंदना थी। उसकी भी मौत हो गई। पत्नी का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। वहीं, घर में काम करने वाला एक युवक रामसजीवन घायल हो गया।

विस्फोट में घर में मौजूद लोगों के चीथड़े उड़ गए।
रेस्क्यू कर डेडबॉडी को बाहर निकाला गया धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद वह घर के मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश में जुट गए।
डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या मौके पर पहुंचे। धमाके की सूचना पर 5 थानों की पुलिस पहुंची है। पुलिस ने मलबे से पांच डेडबॉडी को बाहर निकाला। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका में जेसीबी से मलबा हटाया गया। मगर कोई नहीं मिला।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।
डॉक्टर बोले- सभी के शरीर में बर्न इंजरी थी जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टर ने बताया, सभी को बर्न इंजरी थी। 108 एम्बुलेंस चालक ने अजय कुमार ने बताया, मुझे 7.28 बजे विस्फोट होने की सूचना मिली थी। जब लोगों को मलबे से निकाला गया, तब सांसें चल रहीं थीं। मगर, यहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हम दो गाड़ियों से पांच लोगों को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।

मलबे से निकाल कर सभी को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी लोगों को मृत घोषित कर दिया।
गांव के लोगों ने बताया, धमाका इतना तेज था कि 200 मीटर दूर तक घर का मलबा जाकर गिरा। धमाके की आवाज करीब एक किमी दूर तक सुनाई दी। पुलिस के मुताबिक, पप्पू अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम करता था। पिछले साल भी यह गांव के एक स्थान पर पटाखे बना रहा था। तब भी धमाका हुआ था। इसमें भी तीन लोगों की मौत हुई थी।
घटना पर अफसर क्या बोले?
DM निखिल टीकाराम ने बताया, सवा सात बजे विस्फोट की सूचना मिली थी। हम लोग पहुंचे। रेस्क्यू कर मलबा हटा लिया गया है। 5 लोगों की पुष्टि अस्पताल में की गई है। विस्फोट क्यों हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फारेंसिक टीम ने जांच की है। प्रथम दृष्टया लग रहा है किचन में विस्फोट हुआ है। क्योंकि बर्तन सब डैमेज अवस्था में मिले हैं। मगर फिर जांच की जा रही है।
SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया, पप्पू गुप्ता ने एक-दो साल से गांव के बाहर मकान बना लिया था। वह पूरे परिवार के साथ यहीं रहता था। उसके मकान के आसपास कोई घर नहीं था। राजस्वकर्मी परिवार के बारे में जानकारी कर रहे हैं। विस्फोट को लेकर जांच की जा रही है।
एक दिन पहले कानपुर में हुआ था विस्फोट
ACP हटाए गए, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड; कमिश्नर बोले- आतंकी कनेक्शन नहीं

तेज धमाके से आसपास की दुकानों का सामान सड़क पर बिखर गया था। ATS की टीम ने मौके से सबूत जुटाए।
कानपुर में बुधवार रात पटाखों में विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि घटना में किसी आतंकी संगठन के हाथ होने के सबूत नहीं मिले हैं। यह पूरी तरह से अवैध पटाखों से जुड़ी घटना है।
इस मामले में एसीपी कोतवाली, मूलगंज थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। विस्फोट में कुल 8 लोग घायल हुए थे। इनमें चार को लखनऊ रेफर किया गया, जबकि दो घायलों का कानपुर में ही इलाज चल रहा। दो लोगों को फर्स्ट एड के बाद घर भेज दिया गया था।
इससे पहले धमाके की सूचना के बाद डीजीपी ऑफिस और गृह विभाग दोनों एक्टिव हो गए थे। ATS और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर इनपुट जुटाए। पटाखों से विस्फोट की बात सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने देर रात सर्च ऑपरेशन भी चलाया। पुलिस ने इस दौरान अवैध पटाखों के साथ 12 लोगों को अरेस्ट किया है। पढ़ें पूरी खबर…
——————–
ये खबर भी पढ़िए-
जैश-ए-मोहम्मद ने पहली बार महिला आतंकियों की यूनिट बनाई:मसूद अजहर की बहन सादिया कमान संभालेगी; पति ऑपरेशन सिंदूर में मारा गया था

पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) ने पहली बार महिला आतंकियों की एक अलग यूनिट बनाई है। इसका नाम ‘जमात-उल-मोमिनात’ रखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी जानकारी ग्लोबल आतंकी मौलाना मसूद अजहर के नाम से जारी एक लेटर के जरिए सामने आई। लेटर के मुताबिक, इस नई यूनिट में भर्ती प्रोसेस 8 अक्टूबर से पाकिस्तान के बहावलपुर में मरकज उस्मान-ओ-अली में शुरू हो चुका है। पढ़ें पूरी खबर…