आम संगत के लिए खोला गया श्री करतारपुर साहिब।
पाकिस्तान के नारोवाल जिले में बने करतारपुर साहिब गुरुद्वारे को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। हालांकि भारतीय सिख श्रद्धालु अभी यहां नहीं जा पाएंगे। केंद्र सरकार ने कॉरिडोर खोलने पर कोई फैसला नहीं लिया है। पंजाब कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के साथ
.
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हाल में आई बाढ़ के दौरान करतारपुर साहिब गुरुद्वारा परिसर में 11 फीट तक पानी भर गया था। इसलिए गुरुद्वारे को बंद करना पड़ा। अब बाढ़ का पानी उतरने के बाद मरम्मत और सफाई का काम पूरा करके श्रद्धालुओं को यहां दर्शन की अनुमति दे दी गई है। इसके बावजूद भारतीय श्रद्धालु यहां नहीं जा पा रहे क्योंकि मई महीने में हुए ऑपरेशन सिंदूर के समय से ही करपारपुर कॉरिडोर बंद पड़ा है।
बाढ़ के कारण श्री करतारपुर साहिब में 11 फीट तक पानी भर गया था।
ज्योतिजोत दिवस पर अखंड पाठ
पाकिस्तान में करतारपुर साहिब गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी गोबिंद सिंह ने बताया कि गुरु नानकदेव का 486वां ज्योतिजोत दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसके लिए 20 सितंबर से गुरुद्वारा परिसर में अखंड पाठ की शुरुआत की गई जिसका भोग 22 सितंबर को डाला जाएगा।
उन्होंने बताया कि बाढ़ से करतारपुर साहिब गुरुद्वारा परिसर को काफी नुकसान हुआ लेकिन अब हालात सामान्य हैं और श्रद्धालु यहां आ रहे हैं।
पंजाब की सियासी पार्टियों और सिख संगठनों की मांग तेज
केंद्र सरकार से करतारपुर कॉरिडोर तुरंत खोलने की मांग लगातार की जा रही है। हाल में भारत-पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच एशिया कप में मैच होने के बाद इसने और जोर पकड़ लिया। पंजाब की अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों और सिख संगठनों का कहना है कि जब दोनों देशों के बीच क्रिकेट खेला जा सकता है तो धार्मिक यात्राओं पर रोक क्यों?
अकाली दल वारिस पंजाब दे (अमृतपाल सिंह समूह) के पार्टी प्रवक्ता ईमान सिंह खारा ने कहा, “भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो सकते हैं, तो करतारपुर कॉरिडोर बंद रखना बिल्कुल ठीक नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि अटारी बार्डर खोलने और क्रॉस बॉर्डर व्यापार शुरू करने से न केवल कारोबारी वर्ग को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर के मुख्य ग्रंथी गोबिंद सिंह।
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के डेरा बाबा नानक सीट के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने पिछले दिनों पंजाब में बाढ़ के हालात देखने आए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर करतारपुर कॉरिडोर की मरम्मत करने और इसे तुरंत खोलने की मांग की थी। रंधावा ने कहा कि बाढ़ से कॉरिडोर को काफी नुकसान हुआ है।
पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर करतारपुर कॉरिडोर खोलने और सिख जत्थे को गुरु नानकदेव के प्रकाश पर्व पर ननकाना साहिब जाने की अनुमति देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर साल नवंबर में भारत से जत्था ननकाना साहिब जाता है, लेकिन इस बार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी अनुमति नहीं दी। इससे सिखों की भावनाएं आहत हुई।
सिद्धू ने सवाल उठाया कि जब सुरक्षा कारणों से जत्थे को रोका जा रहा है तो फिर 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान की टीमों के बीच क्रिकेट मैच की अनुमति कैसे दी गई? उन्होंने केंद्र सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया।
एसजीपीसी जता चुकी रोष
सिखों की सबसे बड़ी संस्था, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने भी केंद्र सरकार के फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा, “यह सिखों की धार्मिक भावनाओं का अपमान है। जब भारत-पाकिस्तान में क्रिकेट मैच हो सकता है तो श्रद्धालुओं को पवित्र स्थल जाने की अनुमति क्यों नहीं दी जा सकती?”
दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एसजीपीसी को भेजे अपने पत्र में कहा है कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। ऐसे में गुरु नानकदेव के प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं के पाकिस्तान यात्रा से खतरा बढ़ सकता है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि तीर्थयात्रियों को पड़ोसी देश भेजना इस समय उचित नहीं होगा।