आशीष कुमार श्रीवास्तव | रायबरेलीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
रायबरेली में मॉब लिंचिंग को लेकर राहुल गांधी ने कहा- दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या केवल एक इंसान की नहीं, बल्कि इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है। देश में नफरत, हिंसा और भीड़तंत्र को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है।
राहुल ने मंगलवार को X पर लिखा- संविधान की जगह बुलडोजर ने ले ली है, इंसाफ की जगह डर ने। मगर यह देश संविधान से चलेगा, भीड़ की सनक से नहीं। भारत का भविष्य समानता और मानवता पर टिका है। मैं परिवार के साथ खड़ा हूं। उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। राहुल के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी लेटर पोस्ट किया।
दरअसल, 2 अक्टूबर को हरिओम पासवान की हत्या हुई थी। शुरू में कहा गया था कि युवक ड्रोन चोर था। उसी दिन युवक को पीटने और उसकी लाश के वीडियो भी सामने आए थे। इसके बाद 4 अक्टूबर को एक और वीडियो सामने आया, जिसमें मार खाते हुए युवक राहुल गांधी का नाम लेता है। इस पर भीड़ में से एक शख्स कहता है, यहां सब ‘बाबा’ वाले हैं।
इस मामले में लापरवाही करने पर ऊंचाहार थाना अध्यक्ष संजय कुमार समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रविवार रात राहुल ने परिवार से फोन पर बात की थी। कहा था- परेशान मत होइए, कांग्रेस परिवार आपके साथ है।

राहुल ने लिखा- रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम और क्रूर हत्या की कांग्रेस पार्टी कड़ी से कड़ी निंदा करती है। हमारे देश में एक संविधान है, जो हर इंसान को समानता के भाव से पहचानता है। एक कानून है, जो हर नागरिक की सुरक्षा, उसके अधिकार और उसकी अभिव्यक्ति को समान दर्जा देता है।
जो रायबरेली में हुआ, वह इस देश के संविधान के प्रति घोर अपराध है। दलित समुदाय के प्रति अपराध है, और इस देश व समाज पर कलंक है।

यह फोटो 3 अक्टूबर की है। इसमें युवक का शव गांव से 20 मीटर दूर रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा था।
दलितों, अल्पसंख्यकों पर अपराध बढ़ा
देश में दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों पर अपराध की संख्या हद से ज्यादा बढ़ चुकी है। यह हिंसा सबसे अधिक उन्हीं पर होती है जो वंचित हैं, बहुजन हैं, जिनकी न पर्याप्त हिस्सेदारी है, न प्रतिनिधित्व ।
चाहे हाथरस और उन्नाव में महिलाओं के खिलाफ अपराध हों, रायबरेली में हरिओम की हत्या, या कुछ समय पहले, रोहित वेमुला की संस्थागत हत्या, मध्य प्रदेश में एक नेता द्वारा आदिवासी युवक पर पेशाब करने की अमानवीय घटना, ओडिशा और मध्य प्रदेश में दलितों की निर्मम पिटाई, या फिर हरियाणा के पहलू खान और उत्तर प्रदेश के अखलाक की हत्या, हर घटना हमारे समाज, प्रशासन और सत्ताधारी शक्तियों की बढ़ती हुई संवेदनहीनता का दर्पण है।

यह तस्वीर 3 अक्टूबर की दोपहर को सामने आई थी। इसमें गांववालों ने युवक को चोर समझकर पकड़ा और उससे मारपीट कर पूछताछ की थी।
2014 के बाद से मॉब लिंचिंग भयावह पहचान बन चुकी
2014 के बाद से मॉब लिंचिंग, बुलडोजर अन्याय और भीड़तंत्र जैसी प्रवृत्तियां हमारे समय की भयावह पहचान बन चुकी हैं।
हिंसा किसी भी सभ्य समाज की निशानी नहीं हो सकती इसलिए हरिओम के साथ जो हुआ, वह हमारी सामूहिक नैतिकता पर गहरा प्रश्न है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों का भारत और महात्मा गांधी के ‘वैष्णव जन…’ का भारत सामाजिक न्याय, समानता और संवेदना का भारत है, जिसमें ऐसे अपराधों के लिए कोई स्थान नहीं। मानवता ही एकमात्र रास्ता है।

यह फोटो 4 अक्टूबर को सामने आई थी। इसमें गांव वाले युवक की जांघों और प्राइवेट पार्ट पर लाठी और बेल्ट बरसाते दिख रहे थे।
अन्याय के विरुद्ध एकजुट होने की जरूरत
कांग्रेस पार्टी समाज के वंचित और कमजोर तबकों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हम नागरिकों से आह्वान करते हैं कि वे इस अन्याय के विरुद्ध एकजुट हों। यह लड़ाई तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक हर भारतीय के अधिकारों और जीवन की गरिमा को पूर्ण सुरक्षा नहीं मिल जाती।

यह तस्वीर 6 अक्टूबर को सामने आई थी। ग्रामीणों ने हरिओम को घेर लिया तो पुलिस वाले मौके पर पहुंचे, पर कोई कार्रवाई नहीं की थी।
अब पढ़िए क्या है मामला
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के ईश्वरदासपुर गांव में 2 अक्टूबर को एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक के किनारे मिली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के शरीर पर पिटाई के निशान थे। सिर पर गहरी चोट, छाती पर बेल्ट के निशान और पूरे शरीर पर नीले-काले दाग थे।
पुलिस ने युवक का नाम हरिओम पुत्र गंगादीन (38) बताया था। वह फतेहपुर जिले के तरावती का पुरवा गांव का रहने वाला था। वह 1 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे ऊंचाहार-डलमऊ मार्ग पर ईश्वरदासपुर की ओर जा रहा था। तभी 24-25 गांववालों ने उसे पकड़ लिया।
गांव वाले उससे पूछताछ करने लगे। हरिओम ने बताया कि वह पास के ही गांव में रहता है, लेकिन गांव वाले नहीं माने। इसके बाद उसे डंडे और बेल्ट से मारने-पीटने लगे। फिर उसे अधनंगा कर दिया। उसकी ही शर्ट से दोनों हाथ बांधे। उस पर डंडे-बेल्ट बरसाते रहे।

अधमरा करने के बाद लोग उसे गांव के बाहर नहर किनारे ले गए। एक खंभे में बांधकर पीटा। फिर उसे रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया था।
अधमरा करने के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया था अधमरा करने के बाद लोग उसे गांव के बाहर नहर किनारे ले गए थे। एक खंभे में बांधकर पीटा। युवक बार-बार कहता रहा कि मैं चोर नहीं हूं, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। पिटाई के बाद युवक को अधमरी हालत में रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया था।
हरिओम की पत्नी पिंकी के मुताबिक, पति मानसिक रूप से कमजोर था। रायबरेली में मुझसे मिलने आ रहा था। पिंकी, ऊंचाहार में NTPC परिसर में पंजाब नेशनल बैंक में सफाई कर्मचारी है। गेट नंबर-2 के सामने पिंकी का मायका है। इस समय वो मायके में रह रही थी।

मृतक हरिओम की पत्नी पिंकी ने बताया- जैसे मेरे पति की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई है, वैसे ही उन हत्यारों को भी सजा मिलनी चाहिए।
अब तक 4 वीडियो सामने आए
- पहला वीडियो- 3 अक्टूबर की सुबह सामने आया। इसमें साढ़े 6-7 बजे के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे खून से लथपथ हालत में एक युवक का शव दिख रहा है।
- दूसरा वीडियो- 3 अक्टूबर को दोपहर में 2 बजे सामने आया था। इसमें कुछ लोग लाठी-डंडे से एक युवक को चोर-चोर कहकर पीट रहे थे।
- तीसरा वीडियो- 4 अक्टूबर (शनिवार) को सामने आया। इसमें युवक को पीटने वाले ग्रामीणों ने उसका नाम-पता पूछा। इस पर उसने चिल्ला कर कहा- राहुल गांधी। इसके बाद पीट रही भीड़ में से एक युवक ने कहा- यहां सब बाबा वाले आदमी हैं।
- चौथा वीडियो- 6 अक्टूबर को सामने आया। इससे पता चलता है कि पुलिस चाहती तो युवक की जान बच सकती थी। युवक को ड्रोन चोर समझकर भीड़ ने घेर रखा था। सूचना पाकर PRV पहुंची। जीप में बैठे-बैठे एक पुलिसकर्मी ने कहा- जाने दो, जहां जाना चाहता है। फिर वहां से पुलिस निकल गई। इसके बाद उग्र भीड़ ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी।



पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय इससे पहले मृतक के परिजनों से मिलने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष फतेहपुर में उनके घर पहुंचे थे। अजय राय ने कहा था- युवक को बेरहमी से मारा गया। यह जंगलराज की सरकार है जो योगी बाबा की चल रही है। मार भी रहे हैं और कह रहे हैं कि हम बाबा वाले हैं।
उन्होंने कहा था- राहुल जी का हर एक कार्यकर्ता, हर एक बब्बर शेर, पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। हमारे नेता ने भी पीड़ित परिवार से बात की है। हम उन्हें न्याय दिलाएंगे। जो लोग खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और लोगों को मार रहे हैं, वे किसी भी तरह बख्शे नहीं जाएंगे।
——————————
यह भी पढ़िए
रायबरेली मॉब लिंचिंग- अजय राय बोले- यहां जंगलराज:राहुल ने पिता से बात की, पत्नी ने कहा- हत्यारों को सजा मिले

रायबरेली में मॉब लिंचिंग में मारे गए दलित युवक के परिजनों से राहुल गांधी ने रविवार देर रात फोन पर बात की। युवक के भाई ने दैनिक भास्कर को बताया कि राहुल ने उनसे कहा- परेशान मत होइए, कांग्रेस परिवार आपके साथ है। उन्होंने मेरे पिता से उनकी तबीयत के बारे में भी पूछा। 3 अक्टूबर को हरिओम पासवान की हत्या हुई थी। पूरी खबर पढ़िए