दनौदा गांव में लोगों को संबोधित करते हुए चौ. बीरेंद्र सिंह।
हरियाणा के जींद जिले के दनौदा गांव से पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा शुरू हो गई। बिनैण खाप के चबूतरे पर हुई सभी में बीरेंद्र सिंह ने कहा-जो कांग्रेस को तोड़ने की बात करते हैं, हम उनका विरोध करते हैं
.
यात्रा में राजस्थान के चुरू से सांसद राहुल कस्वां, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला के बेटे एवं कैथल से विधायक आदित्य सुरजेवाला, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज शामिल हुईं। पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे के स्थानीय नेता यात्रा में नजर नहीं आए।
कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र पहले ही कह चुके हैं-यात्रा में शामिल होने या न होने निर्णय हाईकमान के निर्देशानुसार लिया जाएगा।
6 महीने में 3600 किलोमीटर का सफर तय होगा यह यात्रा 6 महीने चलेगी। इस दौरान हरियाणा के सभी 90 हलकों को टच किया जाएगा। कुल मिलाकर 3600 किलोमीटर का सफर तय होगा। यात्रा के समापन पर बड़ी रैली भी हो सकती है, हालांकि अभी इसका स्थान व समय तय नहीं है।
बृजेंद्र सिंह की यात्रा दनौदा से शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में लाेग शामिल हैं।
बीरेंद्र बोले- बृजेंद्र ने यात्रा को लेकर राहुल की सलाह ली पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह यात्रा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित है। बृजेंद्र वह 4 महीने पहले राहुल से मिले और यात्रा को लेकर बात की। राहुल ने कहा था कि अपने हिसाब से लोगों को इकट्ठा करने के नारे लगाने हैं। कांग्रेस ने हमेशा से ही भाईचारे को इकट्ठा करना सीखा है। कांग्रेस को जो तोड़ने की बात कर रहे हैं हम उनका भी विरोध करेंगे। भाजपा किसान विरोधी है। यह चार-चार साल के लिए भेज कर फौज को खत्म करना चाहते हैं। एससी समाज को 5-5 किलो अनाज देकर भाजपा मारने का काम भाजपा कर रही है।

दनौदा में लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह।
यहां जानिए सद्भाव यात्रा में बृजेंद्र और बीरेंद्र सिंह ने क्या-क्या कहा…
बृजेंद्र बोले- सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने वाला देश द्रोही पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार “फूट डालो और राज करो” की नीति अपना रही है। अगर कोई सरकार की नीतियों पर सवाल उठाता है, तो उसे देशद्रोही करार दिया जाता है। किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान किसानों को देशद्रोही और विद्रोही जैसे शब्दों से संबोधित किया गया।
उन्होंने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर रोक लगाने और उनका पासपोर्ट जब्त करने का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मकसद एक विशेष वर्ग को आगे बढ़ाना और बाकी लोगों को उनके खिलाफ भड़काना है। भाजपा लोगों के बीच इतनी बड़ी खाई बनाना चाहती है कि उनका आपस में जुड़ना मुश्किल हो जाए।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से पूरे समाज को एक साथ लेकर चलने की कोशिश करती रही है। उन्होंने राहुल गांधी के इस कथन को दोहराया कि वह विचारधारा की लड़ाई लड़ रहे हैं। कहा कि राहुल गांधी की यात्रा का उद्देश्य देश और प्रदेश को जोड़ना है। जो भी इस यात्रा में शामिल होना चाहता है, उसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल होना लोगों की अपनी मर्जी पर निर्भर करता है।

दनौदा में समर्थकों से घिरे हुए चौधरी बीरेंद्र सिंह।
अमीर हो या गरीब, सबको बोलने का हक : बीरेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश या प्रदेश में चाहे अमीर हो या कोई गरीब हो, सभी को वोट देने का, सभी को बोलने का अधिकार है। बृजेंद्र सिंह ने 4 महीने पहले बोला था कि पूरे हरियाणा का दौरा करेंगे। राहुल गांधी से मिले और यात्रा के लिए बात की। राहुल गांधी ने कहा था कि अपने हिसाब से लोगों को इकट्ठा करने के नारे लगाने हैं। कांग्रेस ने हमेशा से ही भाईचारे को इकट्ठा करना सिखाया है।
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस को जो तोड़ने की बात कर रहे हैं, हम उनका भी विरोध करेंगे। भाजपा किसान विरोधी है। युवाओं को चार-चार साल के लिए सेना में भेज कर फौज को खत्म करना चाहते हैं। शेड्यूल कास्ट के लोग हैं, उनको पांच-पांच किलो अनाज देते हैं। भूखे मारने का काम भाजपा कर रही है।
भाजपा सरकार किसी भी गरीब वर्ग को बढ़ने नहीं देती है। भाईचारा हमारा कांग्रेस का रहने का ढंग है। हम हिंदू और मुसलमान को इकट्ठा कर रहे हैं। भाजपा सरकार में एक मुसलमान सांसद नहीं है, ये समाज को तोड़ने की बात करते हैं। हमारे समाज को तोड़ने की काम भाजपा सरकार कर रही है।

कैथल के कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला लोगों को संबोधित करते हुए।
आदित्य सुरजेवाला बोले- सीईटी का एग्जाम दिया, लेकिन रिजल्ट नहीं आते कैथल के कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि यह चबूतरा पूरे हरियाणा में न्याय का प्रतीक है। आज यहां से शुरू हो रही यात्रा पूरे हरियाणा में दिखाई देगी। यह यात्रा हर आमजन, मजदूर, हर वर्ग और नौजवानों के लिए है, और जितने भी हलकों में जाना पड़े, वहां जाएंगे। जब यह यात्रा गांव-गांव की गलियों में जाएगी, तो आपको उत्साह भी मिलेगा, लेकिन हालातों को देखते हुए दुख भी मिलेगा।
सुरजेवाला ने कहा कि इस भाजपा सरकार ने दिखा दिया है कि जो हमारा हरियाणा नंबर वन का सपना था, उसको चूर-चूर कैसे किया गया है। पहले लोगों को जलन होती थी कि छोटा सा हरियाणा कैसे इतनी तरक्की कर गया। मगर, 10 साल में भाजपा सरकार ने दिखा दिया कि भाजपा के हाथों में ही मुमकिन है कि कैसे सबसे बढ़िया और विकासशील प्रदेश को भी तोड़ा जा सकता है।
भाजपा सरकार में बड़े-बड़े बदमाश जेलों में बैठकर पूरे तरीके से प्रदेश में अपना गैंग चला रहे हैं। युवा चौक पर खड़े होकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। 13 लाख युवाओं ने सीईटी का एग्जाम दिया, लेकिन पेपर लीक हो जाते हैं और रिजल्ट नहीं आते।
किसानों को MSP पर गारंटी नहीं मिली सुरजेवाला ने आगे कहा- भाजपा सरकार में नौकरी एक बहुत बड़ा झूठ है। यह हमारा हरियाणा है, जहां हमारे किसान को एमएसपी की गारंटी के नाम पर कुछ नहीं मिलता। 2389 रुपए एमएसपी पर धान लेने की बात कही गई है, लेकिन मंडियों में 1800-1900 में खरीदा जा रहा है, तो कहां का एमएसपी? पिछले दिनों में बाढ़ आई है, और इस भाजपा सरकार ने बोल दिया कि तुम सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटो, वहां से यह कोई ना कोई काम बता देते हैं तुम्हें, लेकिन मुआवजा नहीं देते।

चूरू सांसद राहुल कास्वां लोगों को संबोधित करते हुए।
चूरू के सांसद बोले- यात्रा से भाजपा का घमंड टूटेगा चूरू सांसद राहुल कास्वां ने कहा कि यात्रा को 7 महीने का समय तो लगेगा, लेकिन भाजपा का घमंड टूट जाएगा। अगर किसान आंदोलन में आवाज उठी थी तो हरियाणा और पंजाब से उठी थी। धीरे-धीरे पूरे हिंदुस्तान में गई। भाजपा ने हमेशा दो चीजों का सहारा लिया, पहला धर्म, जहां धर्म का सहारा नहीं चला, वहां जातियों का सहारा लिया। हमेशा से तोड़ने का प्रयास रहा। जो सद्भाव यात्रा इस हलके से शुरू हुई, वह भारत में अपनी पहचान बनाएगी।
यात्रा से जुड़े 4 PHOTOS…

यात्रा के शुभारंभ से पहले मंच पर बैठे कांग्रेस नेता। इनमें प्रेम लता भी शामिल है।

दनौदा में बिनैण खाप चबूतरे पर कांग्रेस नेताओं का स्वागत करते हुए।

यात्रा के शुभारंभ माैके पर बिनैण खाप चबूतरे पर उमड़ी भीड़।

लोगों के बीच मौजूद पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह।
यात्रा का आज का कार्यक्रम…
बृजेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि यात्रा के पहले दिन नरवाना हलके के दनौदा गांव के ऐतिहासिक चबूतरे से शुरू होकर सच्चा खेड़ा, बडनपुर, सुंदरपुरा, धर्मगढ़ होते हुए नरवाना में जाट धर्मशाला में रात्रि विश्राम करेगी। 6 अक्टूबर को यात्रा बेलरखा से शुरू होकर उझाना, नेपेवाला, धनौरी, और कोयल पहुंचेगी। 7 अक्टूबर को यह यात्रा कलायत में होगी।
उन्होंने आगे बताया कि आने वाले सवा महीने में यात्रा 14 हलकों से होकर गुजरेगी। यात्रा का दूसरा चरण नांगल चौधरी से शुरू होगा और लगभग 7 महीने तक चलेगा। प्रत्येक हलके में यात्रा दो दिन रहेगी, जबकि बड़े शहरी क्षेत्रों में कुछ दिन अधिक लग सकते हैं।
———————————————
बीरेंद्र के बेटे की यात्रा से हुड्डा खेमे का किनारा:सांसद जेपी और उदयभान बोले-ये कांग्रेस का नहीं, निजी कार्यक्रम; 6 माह चलेगी यात्रा

हरियाणा कांग्रेस में रोज नई कॉन्ट्रोवर्सी सामने आ रही है। अब ताजा विवाद चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा को लेकर है। यह यात्रा 5 अक्टूबर को शुरू होनी है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे से जुड़े नेताओं ने अभी से इससे किनारा करना करना शुरू कर दिया है। (पूरी खबर पढ़ें)