कांग्रेस के नारनौंद से विधायक जस्सी पेटवाड़ और उनकी ओर से सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट।
हरियाणा के हिसार में नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक विवादित बयान दिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में पड़ोसी देश नेपाल में विद्रोह के हालात की तुलना इशारों-इशारों में भारत से कर दी।
.
इस पोस्ट में विधायक ने लिखा-
तानाशाहों सीख लो नेपाल से, वे भी चले थे तुम्हारी तरह… झोला उठाने का मौका भी नहीं मिला।

हालांकि, जैसे ही पोस्ट पर लोगों के कमेंट आना शुरू हुए, विधायक ने पोस्ट डिलीट कर दी। इसके बाद जब विधायक से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनकी सोशल मीडिया टीम ने नेपाल के हालात पर पोस्ट की थी। साथ में विधायक ने यह भी कहा कि वह पोस्ट में लिखी बातों पर अब भी कायम हैं।
उनका कहना है- नेपाल में सोशल मीडिया बैन कर तानाशाही चल रही थी। इससे प्रधानमंत्री के खिलाफ जनता उग्र हो गई। पीएम को देश छोड़कर भागना पड़ा। इसमें कुछ गलत नहीं लिखा था।
राजनीति के जानकार मानते हैं कि विधायक पेटवाड़ की यह पोस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साल 2016 में एक चुनावी रैली के दौरान झोला उठाकर चल देने वाले बयान पर तंज थी। PM ने कहा था- मैं तो फकीर हूं, झोला उठाकर चल दूंगा।
विधायक पेटवाड़ की ओर से की गई पोस्ट…

विधायक की पोस्ट 24 बार शेयर हो चुकी थी कांग्रेस विधायक की फेसबुक पर पोस्ट शेयर होते ही, इसके स्क्रीनशॉट वायरल होना शुरू हो गए थे। इतना ही नहीं, विधायक पेटवाड़ की पोस्ट को लोगों ने 24 बार शेयर किया था और एक घंटे से कम समय के अंदर इस पर 152 कमेंट किए जा चुके थे।
इन कमेंट्स में ज्यादातर कमेंट्स में यूजर्स ने गुस्सा दिखाया था और पेटवाड़ को गलत बातें बोली जा रही थीं। बात ज्यादा बढ़ती, इससे पहले मौके की नजाकत को समझते हुए विधायक ने पोस्ट डिलीट ही कर दी।
जस्सी पेटवाड़ कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और हरियाणा में सिर्फ दीपेंद्र हुड्डा को ही फॉलो करते हैं। जबकि, उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।

नारनौंद में खेतों में जलभराव का जायजा लेने पहुंचे थे विधायक जस्सी पेटवाड़। इसके वीडियो पर वह ट्रोल हो गए।
बाढ़ का वीडियो डालकर ट्रोल हो रहे विधायक पेटवाड़ ने हाल में अपने विधानसभा क्षेत्र नारनौंद में खेतों में जलभराव का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों की दयनीय स्थिति बयां की और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इस दौरे का उन्होंने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया।
वीडियो सामने आने के बाद लोग उन्हें ट्रोल करने लगे। यूजर्स कहने लगे कि फोटो खिंचवाने के लिए ये नेता कितना डूबेंगे? इसके साथ ही लोग पेटवाड़ से पूछ रहे थे कि उन्होंने एक विधायक के रूप से बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए क्या किया?

नेपाल विद्रोह में अब तक 24 की मौत नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को 13 से 24 साल के किशोरों व युवाओं ने आंदोलन कर दिया। यह आंदोलन हिंसक हो गया, जिसमें अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, और 400 से ज्यादा लोग घायल हैं।
इस हिंसा के बाद नेपाल के कई मंत्रियों समेत तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी ओली को इस्तीफा देना पड़ा। इनके साथ राष्ट्रपति ने भी त्यागपत्र दिया। भीड़ ने पूर्व PM शेर बहादुर देउबा और उनकी पत्नी विदेश मंत्री आरजू राणा को घर में घुसकर पीटा। हिंसक भीड़ सुप्रीम कोर्ट, संसद भवन, नेताओं के घर भी जला चुकी है। इस मामले में अब तक 27 उपद्रवियों की गिरफ्तारी हुई है।

॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खब भी पढ़ें…
नेपाल में फंसे हरियाणा के लोग:युवती बोली- डंडे लेकर पीछे दौड़े आंदोलनकारी, होटल जलाया; प्लीज हमारी हेल्प करो

नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी आंदोलन में दिल्ली की उपासना गिल अपनी टीम के साथ फंस गई हैं। उपासना गिल वॉलीबॉल इवेंट होस्ट करने के लिए वहां गई थीं। उनकी टीम में हरियाणा के फरीदाबाद की लड़कियां भी शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें…