शिमला के रिज पर बारिश में कैंडल लाइट मार्च निकालते हुए कांग्रेस नेता
देश में वोटों को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच हिमाचल कांग्रेस ने आज (वीरवार को) शाम शिमला के रिज पर ‘वोट चोर- गद्दी छोड़’ नारे के साथ कैंडल मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं ने बारिश में छाता लेकर शेरे-ए-पंजाब से रिज तक मार्च किया।
.
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा, भाजपा ने देश के लोकतंत्र को कमजोर कर निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। भाजपा ने कर्नाटक व महाराष्ट्र में वोट चोरी कर जनमत का अपमान किया है। अब बिहार में भी कुछ ऐसा ही खेल खेलने की तैयारी की जा रही है।
शिमला के रिज पर ‘वोट चोर- गद्दी छोड़’ नारे के साथ कैंडल मार्च निकालते हुए कांग्रेस नेता
इलेक्शन कमीशन को देना चाहिए जवाब: प्रतिभा
प्रतिभा सिंह ने कहा, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कर्नाटक व महाराष्ट्र में कथित तौर पर वोट चोरी के खुलासे के बाद निर्वाचन आयोग कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। आज निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर जो सवाल उठ रहे है, उस पर आयोग को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के लोकतंत्र से किसी भी प्रकार से कोई छेड़छाड़ सहन नहीं करेगी। इसके खिलाफ कांग्रेस देश मे एक बड़े जन आंदोलन से भी पीछे हटने वाली नहीं है। कांग्रेस देशभर में 22 अगस्त से 7 सितंबर तक वोट चोर-गद्दी छोड़ के नारे के साथ रैलियां व 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाएगी।

रिज पर बारिश में कैंडल लाइट मार्च निकालते हुए कांग्रेस नेता
संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा: मुकेश
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने निष्पक्ष चुनाव के लिए डिजिटल वोटर लिस्ट की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा, राहुल गांधी की डिजिटल वोटर लिस्ट की मांग पूरी तरह जायज है। यह कोई राजनैतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि देश के संविधान, पारदर्शिता और लोगों के विश्वास की रक्षा का संकल्प है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, देश में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। भाजपा सरकार के खिलाफ बोलने वालों को ईडी, विजिलेंस या इनकम टैक्स का डर दिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना ही होगा।
ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा ने वोट चोरी की है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इसे कभी सहन नहीं करेगी।

शिमला के मॉल रोड पर कैंडल मार्च निकालते हुए कांग्रेस
ये नेता मौजूद रहे
केंडल मार्च में शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, पार्षद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, महिला कांग्रेस, सेवादल, NSUI के पदाधिकारी व पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।