कुल्लू की लगघाटी में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क, सिरमौर में महिला मकान के मलबे में दबी और शिमला में गाड़ी पर गिरा मलबा।
हिमाचल में रेड अलर्ट की चेतावनी के बीच रातभर भारी बारिश ने खूब तबाही मचाई है। शिमला के जुन्गा में एक मकान जमींदोज होने से बाप-बेटी की मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र कुमार (35) निवासी डूबले और उनकी 10 साल की बेटी के तौर पर हुई।
.
शिमला के जुब्बल के बढ़ाल गांव में मकान गिरने से 23 साल की युवती की दबकर मौत हो गई। कोटखाई में भी मकान ढहने से एक वृद्ध महिला कलावती की जान चली गई। सिरमौर के शाईमी में पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने से एक मकान गिर गया। इससे भी एक महिला की मौत हो गई।
रोहड़ू के दयार मोली गांव में रात में भूस्खलन से कई घरों को खतरा पैदा होने के बाद 4 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। हमीरपुर के चबूतरा गांव में भी बीती रात को दो मकान ढह गए।
मौसम विभाग ने 6 जिले ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना, मंडी और सिरमौर जिला में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। चंबा, कुल्लू और शिमला में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
भारी बारिश के अलर्ट और सड़कों-रास्तों के हालात देखते हुए हुए शिमला, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, मंडी, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और कुल्लू के बंजार, मनाली व कुल्लू सब डिवीजन के सभी शिक्षण संस्थानों में आज की छुट्टी की गई है। कुल्लू में 2 सितंबर को भी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
बारिश से नुकसान के PHOTOS..
कुल्लू की लगघाटी में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क

हमीरपुर के सुजानपुर में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त दो मकान।

सिरमौर के शाईमी गांव में बीती रात चट्टानें गिरने से ढहे मकान में मलबे में दबी महिला को तलाश करते हुए ग्रामीण।

कुल्लू में देर रात को पानी की बहाली में जुटे जल शक्ति विभाग के कर्मचारी।

हमीरपुर में बीती शाम को सड़क पर गिरा चीड़ का पेड़ और बाल बाल बची गाड़ियां।