गैराज में एसएचओ विनोद शर्मा और मिस्त्री आपस में बहस करते दिख रहे हैं।
हरियाणा में हिसार के GRP थाने में तैनात SHO विनोद शर्मा का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह एक गैराज मिस्त्री को धमका रहा है। इस दौरान SHO अपने संबंध बदमाशों से होने के साथ भाई के मंत्री के यहां नौकरी करने की भी धौंस दिखाते हुए नजर आ रहा है।
.
इस धमकी के बाद गैराज के मिस्त्री ने हिसार SP, रेलवे SP और DGP को लिखित शिकायत देकर SHO पर कार्रवाई की मांग की है। सबूत के तौर पर एक ही जगह बने SHO के धमकाने वाले 5 वीडियो सौंपे गए हैं। हालांकि, दैनिक भास्कर इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
उधर, एसएचओ का कहना है कि इन लोगों ने फायदा उठाकर गैराज पर कब्जा कर लिया। किराए पर लेने के बाद न तो किराया दिया और न ही उसे खाली कर रहे। इसलिए वह सिर्फ समझाने के लिए गया था।
शिव गैराज, जिसको लेकर पूरा मामला हुआ। SHO ने कहा कि यह गैराज उनके ताऊ का है।
जानिए वायरल VIDEO में SHO ने क्या कहा…
VIDEO-1 (SHO की मिस्त्री से बहस)
SHO: मैं वो अधिकारी हूं जो मंत्रियों की भी…निकाल देता हूं। मैं धमकी नहीं देता, ये मेरा मकान है, जहां बैठे हो। मिस्त्री: धमकी तो आपने अपने महकमे की दी हुई है।
SHO: मेरे मकान में बैठा है तू। मिस्त्री: मैं क्यों बैठा हूं। तू चौधरी है तो देख ले जा, जो करना है। अभी ले तू…। (मिस्त्री ने जेब से फोन निकाला।)
SHO: बता किसके पास फोन कर रहा है तू। मिस्त्री: मैं डायल 112 बुला रहा हूं।
SHO: तुम चाहे 112 बुलवा लो या 140 बुला ले।
VIDEO- 2 (बदमाशों के नाम गिना दिए)
SHO: हनुमान कबाड़ी है, विजय सैनी है, ये मेरे सारे चेले हैं। मैं पुलिस वाला ही नहीं कबाड़ी भी हूं। मैंने निरा माल दिया है खूब फैक्ट्रियां तोड़ी, पाड़ी है। ये सुरेश गुर्जर और इंद्र गुर्जर मेरे पास काम करते थे पहले।
VIDEO- 3 (मंत्री के नाम की धौंस दिखाई)
SHO: मैं रेलवे थाने में एसएचओ हूं। गंगवा साहब के पास मेरा भाई ड्राइवर है। गंगवा साहब ने ही मेरी बदली कराई, वर्ना मेरी बदली नहीं होती। मैं रेलवे में हूं, विनोद शर्मा मेरा नाम है। (बाकि2 वीडियो में गैराज के अंदर का सीन ही दिखाई दे रहा है)

जेब से फोन निकालकर डायल 112 को काल करने की चेतावनी देता गैराज मिस्त्री।
गैराज मिस्त्री की शिकायत में कहीं 2 अहम बातें…
- गैराज खाली करने का दबाब बनाया जा रहा : गैराज चला रहे मिस्त्री सारदुल ने पड़ाव चौकी इंचार्ज को दी गई शिकायत में कहा कि मैंने सुंदर नगर प्लांट नंबर 480 पर गैराज खोला है। गैराज का नाम शिव कार गैराज है। यहां मैं सात साल से किराए पर हूं और समय पर किराया दे रहा हूं। पहले मैं किराया नगद देता था, मगर अब ऑनलाइन पे करता हूं। अब मुझे बार-बार गैराज खाली करने के लिए तंग किया जा रहा है। मेरे को कोई प्लाट और जगह नहीं मिली है। मैं अपना इतना सारा सामान लेकर कहां जाऊं।
- अपने आपको एसएचओ बताकर धमका रहा: सारदुल ने कहा- मुझे बार बार धमकी दी जा रही है। पहले मुझे 16 सितंबर 2025 को भी शाम 6:50 बजे विनोद शर्मा सरकारी गाड़ी में सिविल ड्रेस में आकर धमकी देकर गया है। वह खुद को रेलवे में एसएचओ बता रहा था। मैंने इसकी वीडियो एसपी साहब को शिकायत में दे रखी है। इसके बाद बार-बार गैराज पर आकर धमकी दे रहा है। 23 सितंबर 2025 को शाम 4 बजे 4 लोग मुझे जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। मैंने इसके बाद डायल 112 पर शिकायत दी। कृपया करके इस पर कार्रवाई की जाए और मेरे को बार-बार तंग ना किया जाए। मुझे जान-माल का खतरा है।

गैराज में चुपके से एक व्यक्ति ने SHO विनोद शर्मा की वीडियो बना ली।
SHO ने अपनी सफाई में क्या कहा…
- गैराज मेरे ताऊ का : वायरल वीडियो पर एसएचओ विनोद शर्मा ने सफाई देते हुए कहा है कि गैराज मेरे ताऊ रामनिवास का है और उनकी मृत्यु हो चुकी है। परिवार सेक्टर 14 में रहता है।
- 7 साल से दूध देने आ रहा था : एसएचओ विनोद शर्मा ने बताया कि मेरे सगे ताऊ रामनिवास मार्केट कमेटी सेक्रेटरी रह चुके हैं। मेरी ताई मेरी मौसी भी लगती है और उनकी बहू भी विधवा है। घर में दो विधवाएं हैं। सारदुल वर्मा इनके घर 7 साल से दूध देने आ रहा था।
- फायदा उठाकर गैराज पर कब्जा किया: सारदुल परिवार की सारी स्थिति को अच्छी तरह से जानता था। इसका फायदा उठाकर इसने गैराज किराए पर लेकर उस पर कब्जा जमा लिया। एक दिन मौसी मेरे पास आकर रोने लगी। कहने लगी कि उनके गैराज पर कब्जा हो गया है। इसके बाद जब मैं पुलिस लाइन गया तो रास्ते में गैराज पर चला गया। इन लोगों ने मेरी छिपकर वीडियो बना ली।
- न किराया दिया, न खाली किया: SHO ने आगे कहा- मौसी के घर दूध देने वाले ने यह गैराज किराए पर लिया था। मगर, वह 6 महीने से न तो किराया दे रहा और ना ही गैराज खाली कर रहा। गैराज की कीमत करोड़ों में है। इसलिए मैं उसे समझाने गया था।
जिस गैराज का विवाद, वह बरवाला चुंगी के पास SHO विनोद शर्मा जिस गैराज को खाली कराने पहुंचे हैं, वह बरवाला चुंगी बाइपास के पास है। इसका नाम शिव कार गैराज है। वीडियो भी इसी गैराज में बनी है। जिसमें SHO गैराज में बैठकर मिस्त्रियों को उसे खाली करने के लिए कह रहे हैं। जिन्हें SHO की तरफ से गैराज खाली करने को कहा जा रहा है, उनमें तलवंडी राणा का रहने वाले सारदुल वर्मा और नारनौंद का रहने वाला राजेश सैनी शामिल है।
शिकायत कापी से जुड़े 3 PHOTO…

पड़ाव चौकी इंचार्ज हिसार को गैराज मिस्त्री सारदुल ने ये शिकायत दी।

चौकी इंचार्ज को दी गई शिकायत का दूसरा फोटो।

SP आफिस हिसार में दी गई शिकायत की कापी।