पैर में फ्रैक्चर होने की वजह से सरक-सरक कर आगे बढ़ता फायरिंग करने वाला आरोपी।
हरियाणा के यमुनानगर में बदमाश को पुलिस टूटे पैर समेत निशानदेही के लिए लेकर आई। इस दौरान बदमाश के बाएं पैर पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था। बदमाश ने कुछ दिन पहले इमिग्रेशन सेंटर के मालिक के घर पर फायरिंग की थी।
.
उसने घिसटकर जाते हुए पुलिस को इमिग्रेशन सेंटर मालिक के घर फायरिंग करने के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बदमाश को देखने के लिए आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। बदमाश हिसार का रहने वाला है।
आरोपी ने 13 सितंबर को फायरिंग की थी। जिसके बाद सढौरा पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। पुलिस का कहना है कि वह गिरफ्तारी के वक्त बाइक से गिर गया था, इस वजह से उसका पैर टूट गया।
वहीं पुलिस पूछताछ में बदमाश ने यह भी कहा कि गैंगस्टर वेंकट के कहने पर उसने फायरिंग की थी। गैंगस्टर ने उसे फायरिंग के बाद जर्मनी भेजने का लालच दिया था।
सढौरा में पुलिस को घटना के बारे में बताता फायरिंग करने वाला आरोपी।
पहले फायरिंग और आरोपी के गिरफ्तार होने का मामला जानिए…
- बाइक पर सवार होकर आए थे बदमाश: साढौरा में 13 सितंबर की रात बाइक सवार दो बदमाश कच्चा किला क्षेत्र में आए। उन्होंने हेलमेट पहना था। इसके बाद वह इमिग्रेशन सेंटर मालिक नीरज कुमार के घर के बाहर पहुंचे। इसके बाद हथियार निकालकर उन्होंने घर की तरफ ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
- रेलिंग-दीवार पर लगी गोलियां: बदमाशों की फायरिंग के दौरान 2 गोलियां घर की रेलिंग पर, 2 गोलियां ऊपरी मंजिल के चौबारे के शीशे पर और 2 गोलियां दीवार पर लगीं। हालांकि उस वक्त नीरज घर पर मौजूद नहीं थे, घटना के समय नीरज दिल्ली गए थे। उस समय घर पर उनके पिता, ताऊ,चाचा और घर की महिलाओं समेत करीब 8 लोग मौजूद थे।

इमिग्रेशन सेंटर मालिक के घर की रेलिंग और दीवार पर गोलियां लगी थीं।
- घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SP कमलदीप गोयल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हिसार के बरवाला के रहने वाले साहिल को गिरफ्तार कर लिया। वह पुलिस को देखकर बाइक पर भाग रहा था। जिसमें वह गिरकर घायल हो गया।
- सोशल मीडिया पर वेंकट से संपर्क हुआ: पूछताछ में साहिल ने बताया कि फायरिंग में उसका दूसरा साथी गांव का ही था। 7 महीने पहले उससे दोस्ती हुई थी। इसके बाद वे दोनों सोशल मीडिया पर गैंगस्टर वेंकट के संपर्क में आ गए। तभी वेंकट ने उसे कहा कि फायरिंग का काम कर दिया तो वह उसे जर्मनी भेज देगा। इसलिए उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।

सढौरा पुलिस ने 14 सितंबर को फायरिंग करने वाले आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया था। भागते हुए वह बाइक से गिरकर घायल हो गया था।
पिता बोले- बेटे से मांगी थी 30 लाख की रंगदारी इमिग्रेशन सेंटर के मालिक नीरज के पिता जनकराज ने बताया कि उसके बेटे को पहले गैंगस्टर द्वारा फोन कर 30 लाख रुपए की डिमांड की गई थी। उसके बेटे ने गैंगस्टर को कोई रिस्पॉन्स नहीं किया और न ही इस बारे पुलिस या परिजनों में किसी को बताया। इसके बाद उनके घर पर फायरिंग हो गई। वह चाहते हैं कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

गैंगस्टर वेंकट गर्ग।- फाइल फोटो
अब जानिए कौन है गैंगस्टर वेंकट गर्ग…
- BSP नेता की हत्या कर चर्चा में आया: गैंगस्टर वेंकट गर्ग का नाम 29 जनवरी 2025 में अंबाला में हुई बसपा नेता हरबिलास की हत्या के बाद चर्चा में आया था। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। वह अंबाला के नारायणगढ़ के वार्ड नंबर 4 का रहने वाला है। पहले वह लॉरेंस और काला राणा गैंग के साथ जुड़ा हुआ था। करीब ढाई साल पहले किसी बात को लेकर काला राणा से अनबन होने के बाद उसने अपनी गैंग बना ली। इसी साल जुलाई में वेंकट हिमाचल के ऊना में सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ही हत्या की जिम्मेदारी ले चुका है।
- वेंकट गर्ग पर भी हो चुका हमला: 2024 में वेंकट गर्ग पर नारायणगढ़ के एक रेस्टोरेंट में 4 बदमाशों ने घुसकर तलवारों से हमला कर दिया था, जिसमें उसकी टांग भी तोड़ दी गई थी। वेंकट पर अब अंबाला, चंडीगढ़, पंचकूला, यमुनानगर व जगाधरी में हत्या, रंगदारी और फायरिंग के लगभग 12 से अधिक मामले दर्ज हैं।
- सरपंच के मामा को गोली मारी: वेंकट ने साल 2023 में नारायणगढ़ में सरपंच रमन की शादी में फायरिंग कर दी थी, जिसमें सरपंच के मामा रणबीर सिंह के पेट में गोली लगी थी। अंबाला सेंट्रल जेल में रहते हुए उसने अपने साथियों के साथ वार्डन पर पेचकस से जानलेवा हमला किया, जिसमें वार्डन के शरीर पर कई जगह चोटें आई। इससे पहले वेंकट ने यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के भाई राजिंदर सिंह के कार्यालय में घुसकर फायरिंग की थी और चंडीगढ़ में शराब के ठेके से रंगदारी मांगी थी।
- जेल में चलाता था मोबाइल: वह अंबाला व जगाधरी जेल में मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए भी पकड़ा गया था। नारायणगढ़ में लोटो चुंगी के नजदीक और खनन कंपनी के कर्मचारियों पर फायरिंग मामले में भी उस पर केस दर्ज है, वेंकट खनन कारोबार में भी अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहता था। पंचकुला में सेक्टर 3 और सेक्टर 9 में भी उसने फायरिंग की थी।