ओशिन शर्मा के फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स हैं।
हिमाचल प्रदेश की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और शिमला की SDM ओशिन शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह किसी नंदिनी शर्मा नाम के फेसबुक अकाउंट से किए पोस्ट की वजह से ट्रोल हो रही हैं। इस अकाउंट पर ओशिन की फोटो लगी हुई है।
.
इस अकाउंट से एक पोस्ट की गई। जिस पर ओशिन की फोटो शेयर करते हुए लिखा- ‘कांवड़ से नहीं बेटा, किताबों से काबिलियत आती है।’ ओशिन की फोटो के नीचे शिमला अर्बन SDM लिखा हुआ है।
पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर ओशिन शर्मा पर सवाल उठा रहे हैं। जबकि ओशिन शर्मा का कहना है कि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं कही। उनके नाम के कई फेक अकाउंट चल रहे हैं। इसके खिलाफ उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दी है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में ओशिन ने कहा- बिना जांच पड़ताल के किसी महिला व एक अधिकारी की ऐसे इमेज खराब नहीं करनी चाहिए। सच्चाई जानने के बाद ऐसे कमेंट करने चाहिए।
फेसबुक पोस्ट, जिसकी वजह से ओशिन ट्रोल हुईं
ओशिन को लेकर 3 सोशल मीडिया यूजर की प्रतिक्रियाएं…
- कांवड़ भी चलेगी, कलम भी चलेगी: आशी पारुल वर्मा लिखती हैं कि कांवड़ यात्रा धर्म की भावना है और किताबें विकास का साधन। अगर कोई SDM बना है तो वो उसकी मेहनत और पढ़ाई का परिणाम है। पर इसका ये मतलब नहीं कि आस्था व्यर्थ है। आस्था तो मन को शक्ति देती है। शिक्षा समाज को दिशा। हमें दोनों का सम्मान करना चाहिए। कांवड़ भी चलेगी, कलम भी चलेगी। श्रद्धा भी जरूरी, शिक्षा भी जरूरी।
- घमंड किस बात का, ये शरीर आज है तो कल नहीं: एमके चौधरी नाम के यूजर ने लिखा, अगर भगवान इनको जन्म ही नहीं देता इनका भाग्य नहीं बनाता। इनकी तकदीर नहीं लिखता, तो ये कहां कि SDM बनतीं। पाताल लोक की। मेहनत करना अच्छी बात है और उस मेहनत का फल मिलना उससे भी अच्छी। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि कुछ बनते ही भगवान को भूल जाओ, ऊपर वाले के घर में देर है अंधेर नहीं। और घमंड किस बात का, ये शरीर आज है तो कल नहीं।
- चित्र और चरित्र तपने से ही बनता है, ज्ञान से नहीं: कपिल शर्मा व्यास लिखते हैं, चित्र और चरित्र तपने से ही बनता है, ज्ञान से नहीं। कांवड़ सनातन की आस्था और श्रद्धा है। जिस दिन हाथ से कलम और कुर्सी चली जाती है तब असली औकात पता चलती है। ज्ञान तो रावण के पास भी था। परंतु रावण का आज भी पुतला जलाया जाता है, क्योंकि उसने ज्ञान का अहंकार किया था।

शिमला की SDM हैं ओशिन शर्मा HAS अधिकारी ओशिन शिमला में SDM हैं। वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं। ओशिन सोशल मीडिया पर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं। वह स्टूडेंट्स को कंपीटिटिव एग्जाम की तैयारियों से लेकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी बोलती हैं। इसके साथ ही, वह बेरोजगार युवाओं को HAS एग्जाम क्रैक करने के टिप्स भी बताती हैं। इसके अलावा, वह महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में भी जानकारी देती हैं।
SDM के नोटिस के बाद सुर्खियों में आईं इससे पहले ओशिन शर्मा तब चर्चा में आई थीं, जब 2024 में धर्मपुर के SDM जोगिंदर पटियाल ने उन्हें नोटिस जारी किया था। उन पर काम में देरी और सही ढंग से कर्तव्य न निभाने को लेकर जवाबतलबी की गई थी। SDM ने नोटिस में प्रशासनिक और जनहित के कामों में देरी को लेकर नाराजगी जताई। उस समय ओशिन शर्मा मंडी के संधोल में तहसीलदार थीं।
पूर्व विधायक से शादी, अनबन के बाद तलाक हुआ साल 2020 बैच की HAS अधिकारी ओशिन शर्मा की शादी धर्मशाला से कॉलेज के दोस्त व BJP के पूर्व विधायक विशाल नेहरिया से हुई थी। मगर, शादी के 3 महीने बाद ही दोनों में अनबन हो गई। इसके बाद ओशिन ने अपने पति पर सोशल मीडिया पर आकर गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद दोनों का तलाक हो गया। 2025 में विशाल नेहरिया दूसरी शादी कर चुके हैं।
