पलवल में लोगों को संबोधित करते खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम।
हरियाणा के पलवल में नाबालिग हिंदू लड़की को मस्जिद में ले जाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने के मामले में प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम की एंट्री हो गई है। रविवार को मंत्री गौतम पलवल के लघु सचिवालय में पहुंचे, जहां लोग प्रदर्शन कर रहे थे।
.
मंत्री को देखकर लोगों ने कहा कि मस्जिद को तुड़वा दो। इस पर मंत्री ने कहा कि समय रहते सभी चीजें ठीक होंगी, आप तसल्ली रखिए। भरोसा रखो पुलिस भी आपकी है और जनप्रतिनिधि भी आपका है। अच्छा एक्शन होगा और तबीयत से इलाज होगा, चिंता ना करो।
पलवल के गांव में स्थित यह वहीं मस्जिद है, जहां लड़की के धर्म परिवर्तन की कोशिश की गई।
मंत्री गौरव गौतम की 4 अहम बातें…
- कुछ लोग वेष बदलकर धर्म पर चोट करना चाहते हैं: कुछ लोग अपना वेष बदलकर हमारे धर्म पर चोट करना चाहते है। मेरे छोटे भाई -बहनों से ये आग्रह है कि ऐसे किसी भी चक्कर में ना फंसे, क्योंकि सनातन एक ऐसी संस्कृति है जो आपको अच्छे रास्ते पर लेकर जा सकती है। ये वक्त सनातन के साथ मजबूत बने रहने का है।
- बंटोगे तो कटोगे, एक रहोगे तो सेफ रहोगे: मंत्री ने आगे कहा- राष्ट्रविरोधी ताकतें हिन्दुस्तान के अंदर एक्टिव है, जो भारत को तोड़ना चाहती है। एक बात कहते हैं कि बंटोगे तो कटोगे और एक रहोगे तो सेफ रहोगे, नेक रहोगे। मंत्री ने कहा कि ये मंत्र लेकर यहां से जाइएगा।
- मुझे पता आरोपी कौन, सबको पकड़ेंगे: मंत्री ने पलवल के मामले को लेकर कहा- तुमको अभी कम पता है, इसमें अभी और लोग शामिल है। नाम मैं बताना नहीं चाहता, क्योंकि वो सचेत हो जाएंगे। ये तार यहीं नहीं जुड़े है, इसकी जानकारी मेरे पास भी है। इस भीड़ में वो जानकारी नहीं देना चाहता। एक दो लोग लड़की के गांव के नहीं है, वो दूसरे गांव से है। वो कहां पर फरारी काट रहे है, सब जानता हूं।

क्या है धर्म परिवर्तन की कोशिश का मामला, जिस पर मंत्री ने बयान दिया
- घर से बुलाकर मस्जिद ले गया लड़का: पलवल का मामला गुरुवार, 25 सितंबर का है। लड़की के पिता का कहना था कि घर पर एक मुस्लिम लड़का आया। उसने लड़की को कहा कि मस्जिद में मौलवी बुला रहे हैं। इसके बाद लड़की उसके साथ मस्जिद में चली गई। मस्जिद में गांव की 2 महिलाएं पहले से ही मौजूद थीं। इनमें से एक महिला उस लड़के की मां थी, जो लड़की को बुलाकर ले गया था, दूसरी उसकी पड़ोसन है।
- मौलवी धर्म परिवर्तन कर रहा था: पिता ने आगे बताया कि शाम 6 बजे जब मैं घर आया तो बेटी नहीं थी। मैं गांव में बेटी को तलाश रहा था, तभी मस्जिद में से बेटी के चिल्लाने की आवाज आई। मैं अंदर गया तो बेटी को बंधक बनाया हुआ था। मैं अंदर गया तो वहां मौलवी के अलावा कई लोग थे। 2 महिलाओं ने धार्मिक पुस्तक पकड़ रखी थी। बेटी का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।
- हाथ से कलावा और राखियां काटीं: पिता ने आगे बताया कि लड़की के हाथ से कलावा और राखियों को काट दिया गया। उसके माथे से तिलक भी मिटा दिया। मैंने तुरंत बेटी को छुड़वाया। वहां मौजूद लोगों ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन मैं झगड़ाकर बेटी को बाहर ले आया। जब हम मस्जिद से बाहर निकले तो उन्हें रास्ते में फिर 6-7 अन्य लोगों ने घेर लिया, उनके हाथ में लाठी डंडे थे। वो लगातार धमकी देते रहे कि अगर मामला बढ़ाया तो अंजाम बुरा होगा।
- लड़की ने बताया- छेड़छाड़ की: व्यक्ति ने कहा कि उन्होंने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मैं बेटी को घर ले आया। घर आकर बेटी ने बताया कि उसके साथ मस्जिद में छेड़छाड़ की गई, फिर धर्म बदलने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मौलवी को गिरफ्तार कर लिया है।
- रोजाना यज्ञ करती है लड़की : पिता का कहना है कि उसकी बेटी करीब 10 साल से रोजाना यज्ञ करती है। पूजा-पाठ के बाद तिलक लगाती है। अपने घर के साथ दूसरे के घरों में भी 100 से अधिक यज्ञ कर चुकी है। वह खुद गांव की चौपाल में रोजाना बच्चों से यज्ञ कराते हैं। इसी कारण मौलवी ने उनकी बेटी को निशाना बनाया है।

DSP बोले- मौलवी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
इस मामले में DSP नरेंद्र खटाना ने बताया कि इस संबंध में नाबालिग के पिता की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। मौलवी को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
————————————
हरियाणा के पलवल में लड़की को मस्जिद में बंधक बनाया:मौलवी ने छेड़छाड़ की, कलावा काट तिलक मिटाया; तनाव के बाद पुलिस तैनात

हरियाणा के पलवल में मौलवी ने नाबालिग लड़की को मस्जिद में बंधक बना लिया। उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ छेड़छाड़ की। साथ ही उसके धर्म परिवर्तन की तैयारी करने लगा। उसने लड़की के हाथ से कलावा-राखी काट दी और माथे पर लगा तिलक भी मिटा दिया। (पूरी खबर)