स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में चंडीगढ़ को 8वां स्थान मिला है।
चंडीगढ़ ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस बार चंडीगढ़ देशभर में 8वें स्थान पर रहा है, जबकि साल 2024 में यह 27वें स्थान पर था। यानी एक साल में 19 स्थानों की छलांग लगाई है।
.
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण हर साल पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत किया जाता है। इसमें शहरों की रैंकिंग उनकी वायु गुणवत्ता सुधारने की लगातार कोशिशों और कामयाबी पर आधारित होती है।
स्वस्थ बनाने की दिशा में करेंगे काम
पर्यावरण निदेशक और सीपीसीसी के सदस्य सचिव सौरभ कुमार ने कहा, “यह उपलब्धि चंडीगढ़ की साफ हवा देने की प्रतिबद्धता को दिखाती है। इसमें पॉलिसी बनाने वालों से लेकर आम नागरिक तक सबका योगदान रहा है। हम आगे भी शहर को और ज्यादा हरा-भरा और स्वस्थ बनाने की दिशा में काम करेंगे।”
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में शहरों को 8 मुख्य पैमानों पर आंका जाता है, जिनमें नगर निगम कचरा प्रबंधन, सड़क की धूल नियंत्रण, निर्माण और मलबे से निकलने वाली धूल पर रोक, वाहनों के धुएं पर नियंत्रण, उद्योगों के प्रदूषण पर सख्ती, जनता की जागरूकता और पर्टिकुलेट मैटर (PM) सुधार का रुझान शामिल किया जाता है।