पंजाब के तरनतारन में सरकारी स्कूल के साइंस टीचर (50) ने नाबालिग छात्र से कुकर्म किया। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें टीचर और छात्र आपत्तिजनक हालत में दिख रहे हैं। ये वीडियो पेन ड्राइव में था, जो स्कूल के बाहर पड़ी मिली।
.
जिला बाल सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक छात्र को आरोपी टीचर ने 40 रुपए का लालच दिया। वहीं वीडियो बनाने वाला भी नाबालिग ही था। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
अधिकारी ने बताया कि SHO ने आरोपी को थाने बुलाने के बाद यह कहते हुए छोड़ दिया कि पीड़ित नाबालिग की पहचान नहीं हो पाई है। इस कार्रवाई से नाराज होकर बाल सुरक्षा अधिकारी ने थाना प्रभारी के खिलाफ बाल सुरक्षा आयोग और एसएसपी को पत्र लिखा है। आरोपी शिक्षक की पहचान हरजिंदर सिंह निवासी फाजिल्का के रूप में हुई है।
जिला बाल सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने कार्रवाई के बजाय आरोपी को छोड़ दिया।
19 सितंबर को स्कूल के बाहर मिली पेन ड्राइव स्कूल के हेडमास्टर संदीप सिंह ने बताया कि 19 सितंबर को स्कूल के मेन गेट के बाहर बने पिलर के पास एक पेन ड्राइव मिली। पेन ड्राइव चेक किया तो इसमें ये वीडियो मिली। वीडियो में टीचर और छात्र अर्धनग्न अवस्था में दिखे। दोनों बेड पर बैठे हुए थे। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी और बाल सुरक्षा अधिकारी को दी।
अब पढ़िए बाल सुरक्षा अधिकारी की 4 अहम बातें..
- SHO आरोपी टीचर को पकड़कर थाने लाए: जिला बाल सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि 19 तारीख को उनके पास मामला आया था। इसके बाद तुरंत संबंधित थाना के SHO को सूचना दी। SHO तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी टीचर को पकड़कर थाने ले आए। इसके बाद पुलिस कार्रवाई करती रही।
- बच्चा आइडेंटिफाई नहीं हुआ, आरोपी को छोड़ा: अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को SHO से रिपोर्ट मांगी। SHO को FIR की कॉपी भेजने के लिए कहा, ताकि वह उन्हें आगे उच्चाधिकारियों को भेज सकें। लेकिन पता चला कि SHO ने 19 तारीख को ही आरोपी को छोड़ दिया था। जब SHO से आरोपी के छोड़ने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि बच्चा आइडेंटिफाई नहीं हो रहा है। उल्टा SHO ने उन्हें कहा कि बताइए बच्चा कौन है?
- पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज करनी चाहिए थी: उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ दिख रहा है कि बच्चा नाबालिग है। पुलिस को टीचर से पूछना चाहिए था कि वो बच्चा कौन है। पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट में FIR दर्ज कर कोर्ट में पेश करना चाहिए था।
- नाबालिग ने ही वीडियो बनाया, 40 रुपए का लालच दिया: अधिकारी ने बताया कि उनकी जांच में सामने आया कि यह वीडियो भी किसी नाबालिग द्वारा ही बनाया गया है। छात्र को 40 रुपए का लालच दिया गया था। सरकारी स्कूलों में भी ऐसे लोग हैं, जिन्हें भगवान का कोई डर नहीं है।
2019 में फाजिल्का से तरनतारन हुआ था ट्रांसफर हेडमास्टर संदीप सिंह ने बताया कि 2019 में हरजिंदर का ट्रांसफर फाजिल्का से तरनतारन में हुआ था। तब से वह इसी स्कूल में तैनात है। यहां वह किराए के मकान में रहता है। उन्होंने बताया कि आरोपी टीचर पर पहले से घरेलू हिंसा का मामला दर्ज है।
पुलिस ने कहा- मामले की जांच की जा रही थाना प्रभारी बलबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी सच सामने आएगा, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी