नई दिल्ली1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संजय भंडारी मामले में पूछताछ के लिए रॉबर्ट वाड्रा अपनी पत्नी प्रियंका गांधी के साथ ED ऑफिस पहुंचे।
इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बिजनेसमैन पति रॉबर्ट वाड्रा से सोमवार को 5 घंटे पूछताछ की। यह मामला ब्रिटेन में रह रहे आर्म्स डीलर संजय भंडारी और उसके परिवार के सदस्यों के साथ वाड्रा के वित्तीय संबंधों से जुड़ा है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रॉबर्ट वाड्रा सुबह 11 बजे के बाद दिल्ली स्थित ED के ऑफिस पहुंचे। उनके साथ पत्नी प्रियंका गांधी भी थीं। वाड्रा से शाम पांच बजे के बाद पूछताछ खत्म हुई। इस दौरान वाड्रा एक बार दोपहर में लंच के लिए बाहर निकले थे।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत वाड्रा का बयान दर्ज किया। हालांकि, वे ED के कुछ सवालों के जवाब देने में नाकाम रहे। इसलिए उन्हें पूछताछ के लिए फिर से बुलाया जा सकता है।
63 साल का आर्म्स डीलर संजय भंडारी 2016 में दिल्ली में इनकम टैक्स की छापेमारी के तुरंत बाद लंदन भाग गया था। हाल ही में दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है। अब भारत में उसकी करोड़ों रुपए की संपत्ति जब्त कि जाएगी।
भारत सरकार ने प्रत्यर्पण मामले में भंडारी को बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन की एक अदालत से सुप्रीम कोर्ट में अपील करने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, कोर्ट ने भारत सरकार की अपील खारिज कर दी।इसके साथ ही भंडारी को भारत लाए जाने की संभावना लगभग खत्म हो गई थी।
ED का आरोप- वाड्रा ने लंदन में भंडारी के घर का रेनोवेशन कराया ED वाड्रा का बयान दर्ज करने के बाद भंडारी मामले में नया चार्जशीट दाखिल करेगी। इससे पहले एजेंसी ने 2023 में अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया था कि भंडारी ने 2009 में लंदन स्थित 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर स्थित घर अधिग्रहित किया और वाड्रा के निर्देशों पर उसका रेनोवेशन कराया।
आरोप है कि रेनोवेशन के लिए पैसे भी रॉबर्ट वाड्रा ने ही दिए थे। हालांकि, वाड्रा ने लंदन मे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अपनी किसी भी प्रॉपर्टी होने से इनकार किया है। उन्होंने इन आरोपों को अपने खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
ED के पिछले दो समन पर पेश नहीं हुए थे रॉबर्ट वाड्रा पिछले महीने ,ED ने वाड्रा को इस मामले में पूछताछ के लिए दो बार बुलाया था, लेकिन उन्होंने अपने समन की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी। 10 जून को पहले समन के दौरान उन्होंने बीमार होने की बात कही थी। बाद में उन्हें 17 जून को पेश होने के लिए कहा गया था। हालांकि, वे स्थानीय अदालत से मजूरी लेने के बाद विदेश चले गए थे।