मुंबई1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
5 अक्टूबर तक मुंबई सहित महाराष्ट्र के तटों पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने की उम्मीद है। -फाइल फोटो
महाराष्ट्र में 3 से 7 अक्टूबर के बीच साइक्लोन का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि यह अरब सागर में मानसून के बाद का पहला चक्रवाती तूफान है। श्रीलंका ने इसे साइक्लोन शक्ति नाम दिया है।
साइक्लोन शक्ति का असर मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले में दिखेगा। यहां 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। साइक्लोन की तीव्रता के आधार पर हवा की रफ्तार 65 किमी और इससे ज्यादा भी हो सकती है। 5 अक्टूबर तक महाराष्ट्र के तटों पर समुद्र में ऊंची लहरें उठने की उम्मीद है।
दूसरी तरफ, बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव का क्षेत्र बनने से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ आ गई। आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को बारिश से जुड़ी तीन घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। ओडिशा के गजपति जिले में लैंडस्लाइड के कारण दो लोगों की जान गई। कई लापता हैं।

ओडिशा के गजपति जिले में लैंडस्लाइड के बाद शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
6 अक्टूबर से साइक्लोन की रफ्तार कमजोर पड़ने की संभावना

यह सैटेलाइट इमेज भारती मौसम विभाग (IMD) ने जारी की है। इसमें गुजरात के करीब साइक्लोन नजर आ रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि साइक्लोन शक्ति शुक्रवार को आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरात तट से दूर द्वारका की ओर बढ़ रहा था। शुक्रवार रात 9:30 बजे तक तूफान का केंद्र द्वारका से लगभग 300 किलोमीटर पश्चिम, कराची (पाकिस्तान) से 330 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और पोरबंदर से 360 किलोमीटर पश्चिम में था।
शक्ति के शुरू में पश्चिम की ओर और फिर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है, जो शनिवार तक एक भीषण चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। साइक्लोन के कारण, रविवार तक गुजरात-उत्तरी महाराष्ट्र तट और पाकिस्तान तट पर समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 6 अक्टूबर की सुबह से साइक्लोन की कमजोर पड़ने की संभावना है। मछुआरों को 7 अक्टूबर तक गुजरात और महाराष्ट्र में तटों पर अरब सागर में न जाने की चेतावनी दी गई है।
महाराष्ट्र में अधिकारियों को नागरिकों की सुरक्षा का निर्देश IMD ने महाराष्ट्र के कई जिलों, खासकर विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में 7 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई की है। उत्तरी कोंकण के निचले इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने साइक्लोन शक्ति को लेकर अधिकारियों के लिए निर्देश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन को डिजास्टर मैनेजमेंट सिस्टम एक्टिव करने, तटीय और निचले इलाकों में नागरिकों को निकालने की प्लानिंग और उनके लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्यवार मौसम की खबरें पढ़ें…
राजस्थान: 18 जिलों में आज बारिश, आंधी-बिजली के साथ 5-6 अक्टूबर को पूरे राज्य में बरसात का अलर्ट

जोधपुर में शुक्रवार शाम को बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया।
राजस्थान के 18 जिलों में शनिवार को बारिश की संभावना है। 5 और 6 अक्टूबर को पूरे राज्य में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है। राज्य में 7 अक्टूबर तक बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी जारी रहेगी। जोधपुर, उदयपुर और नागौर में शुक्रवार शाम को कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। उदयपुर और जोधपुर में बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश: रीवा, मऊगंज, सीधी-सिंगरौली में आज तेज बारिश, कल से बारिश की गतिविधियां कम होंगी

भोपाल और इंदौर रोड पर शुक्रवार को दिन में बारिश हुई। शाम को शाजापुर में भी तेज बरसात हुई।
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में शनिवार को तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश का अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। रविवार से बारिश की गतिविधियां कम होंगी। राज्य के कई जिलों में पिछले 2 दिन से तेज बारिश हुई। इंदौर में शुक्रवार शाम तेज बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…