- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar
21 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फोटो मेटा AI जनरेटेड है।
महाराष्ट्र के वर्धा जिले के सेवाग्राम स्टेशन पर एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। सेंट्रल रेलवे के नागपुर मंडल के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक शिशु को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बचाया। आरपीएफ कांस्टेबल मुस्ताक शेख और योगेश लेकुरवाले ने 7 जुलाई को स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर गश्त के दौरान एक शिशु के रोने की आवाज सुनी। एक बेंच के नीचे कपड़े में लिपटा हुआ चार-पांच दिन का बच्चा पड़ा था।
जब आरपीएफ पुलिसकर्मी शिशु के माता-पिता या किसी अभिभावक का पता नहीं लगा पाए, तो उन्होंने सीनियर अधिकारियों को खबर दी।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
गणेशोत्सव महाराष्ट्र का राजकीय त्योहार घोषित, सरकार बोली- ये राज्य की अस्मिता और गौरव का प्रतीक

महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को गणेशोत्सव को स्टेट फेस्टिवल के रूप में मान्यता दे दी। सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने विधानसभा में यह घोषणा करते हुए कहा कि गणेशोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव का प्रतीक है।
मंत्री ने कहा कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने 1893 में महाराष्ट्र में सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत की थी। यह पर्व सामाजिक एकता, राष्ट्रवाद, स्वाभिमान और हमारी भाषा के प्रति गर्व की भावना से जुड़ा है।
कोलकाता गैंगरेप केस- पुलिस ने कलकत्ता हाईकोर्ट में जांच की स्टेटस रिपोर्ट और केस डायरी पेश की

कोलकाता गैंगरेप मामले में पुलिस ने गुरुवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में जांच की स्टेटस रिपोर्ट और केस डायरी पेश की। स्टेटस रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में प्रस्तुत की गई।
जस्टिस सौमेन सेन की सिंगल बेंच ने चार सप्ताह बाद फिर से स्टेटस रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। हालांकि,मामले की सुनवाई 17 जुलाई को भी होगी।
कोर्ट ने 3 जुलाई को हलफनामे के रूप में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने और केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया था।
कैलाश मानसरोवर के लिए लिपुलेख दर्रे से 45 तीर्थयात्री तिब्बत पहुंचे, 18 जुलाई को भारत लौटेंगे

लिपुलेख दर्रे से होकर 45 कैलाश-मानसरोवर तीर्थयात्रियों का पहला जत्था गुरुवार सुबह 17,000 फीट की ऊंचाई पर बसे तिब्बत में प्रवेश कर गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के धारचूला बेस कैंप प्रभारी धन सिंह बिष्ट ने बताया कि तीर्थयात्री मंगलवार को गुंजी से 4,104 फीट की ऊंचाई पर बने नाभीडांग पहुंचे और खुद को वहां के वातावरण के अनुकूल ढालने के लिए अगले दिन तक वहीं रुके।
इस दौरान, तीर्थयात्री तकलाकोट, दारचेन, डेरा फुक, जुंगहुई पू और कुगु में रुकेंगे। वे कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के दर्शन और परिक्रमा करेंगे। यह ग्रुप 18 जुलाई को लिपुलेख दर्रे के रास्ते भारत लौटेगा। इस साल लगभग 250 तीर्थयात्री लिपुलेख दर्रे से 5 ग्रुप में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाएंगे।
महाराष्ट्र की जेलों में क्षमता से 12 हजार ज्यादा कैदी बंद, मुंबई सेंट्रल जेल में तीन गुना ज्यादा बंदी

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्य की 60 जेलों में 39 हजार 527 कैदी थे, जबकि उनकी क्षमता 27 हजार 184 कैदियों की है। ये आंकड़े मई, 2025 तक के हैं।
राज्य विधान परिषद में बुधवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में फडणवीस ने कहा कि मुंबई सेंट्रल जेल की क्षमता 999 कैदियों की है, लेकिन वहां क्षमता से तीन गुना ज्यादा (3268) कैदी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य नई जेलें बनवा रही है। साथ ही मौजूदा जेलों में नए बैरक जोड़कर कैदियों के लिए जगह भी बढ़ाई जा रही है। इससे 17 हजार 110 कैदियों के लिए जगह बनेगी।
दिल्ली में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, 10 सेकेंड तक रहे

दिल्ली में गुरुवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। आस-पास के इलाकों में करीब 10 सेकेंड तक झटके महसूस हुए। ज्यादा जानकारी की प्रतीक्षा है। पूरी खबर पढ़ें… दिल्ली CM के सरकारी आवास के रेनोवेशन का टेंडर रद्द

लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी आवास के रेनोवेशन का टेंडर रद्द कर दिया। रेनोवेशन में बिजली के तारों, फिटिंग, फिक्सचर बदलना और बिजली से जुड़े कई तरह के काम शामिल था।
आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया था टेंडर में 14 AC, 5 LCD टीवी (4 55-इंच और 1 65-इंच), LCD डिस्प्ले वाला 10 लीटर का माइक्रोवेव ओवन, गीजर, नई बिजली की वायरिंग, LED फिटिंग और बहुत कुछ शामिल था।