‘ताबीज बनाया है। सुबह-शाम पानी (दुआ फूंककर दिया पानी) में घोलकर पिएंगे… आप भी पिएंगे। 6 महीने की गारंटी लेता हूं। इंशा अल्लाह… चाहेंगे, तो 6 महीने से पहले बच्चा ठहर जाएगा।’
.
यह कहना है समीर उर्फ सद्दाम का, जिस पर हत्या की कोशिश का आरोप है। जब से जमानत पर बाहर आया है, बच्चा पैदा करने के नाम पर लोगों से रुपए ऐंठ रहा है। ये खुद को ‘अजमेर वाले चमत्कारी समीर बाबा’ कहता है। कुशीनगर से 40 किमी दूर कोहरगड्डी गांव में इसका दरबार चल रहा है।
इसकी ठगी में पैथोलॉजी लैब संचालक भी शामिल है। ये ताबीज, पर्ची, पानी और दुआ के नाम पर बच्चा पैदा कराने का झांसा देकर एक कपल से 6-8 महीने में 50 हजार रुपए तक ठग रहे हैं।
समीर बाबा ताबीज वाला पानी देकर संतान प्राप्ति का भी दावा करता है।
जब हम समीर बाबा से मिले, तो उसने गारंटी दी कि पत्नी को लाओगे, तो संतान सुख दिला दूंगा। 3 दिन बाद समीर ने हमें फोन करना शुरू कर दिया। वह लगातार इस बात का दबाव बना रहा था कि 3 दिन दवा पीने के बाद अगर तत्काल इलाज शुरू नहीं होगा, तो मेरी दुआ का असर नहीं होगा।
इसके बाद हमने अपनी टीम में महिला रिपोर्टर को शामिल किया। फिर बाबा के दरबार पहुंचे और खुद को पति-पत्नी बताया। दैनिक भास्कर की इन्वेस्टिगेशन में पढ़िए, चमत्कारी बाबा समीर उर्फ सद्दाम पिता अमिरुल्लाह के ताबीज तंत्र का सिलसिलेवार खुलासा…
बाबा बोला- मैं दुआ करूंगा, दवा वहां चलेगी… जहां मैं बताऊंगा

समीर बाबा ने महिला रिपोर्टर से अपनी तस्वीर के सामने अगरबत्तियां जलवाईं।
समीर बाबा: बहुत लेट कर दिया। सबको छोड़ दिया… आपका ही इंतजार कर रहा हूं।
रिपोर्टर: अरे, वो गाड़ी की वजह से लेट हो गए।
समीर बाबा: चलो… अगरबत्ती जला दो।
(अगरबत्ती जलाने के कुछ देर बाद)
समीर बाबा (अपनी माला को आंखों से लगाते हुए महिला रिपोर्टर से): यहीं बैठ जाओ… और आगे आइए। बाल खोलिए। क्या नाम है… बताएं?
रिपोर्टर: अशोक नाम है। (बदला हुआ नाम)
समीर बाबा: नहीं, इनका।
महिला रिपोर्टर: दृष्टि। (बदला हुआ नाम)
मोबाइल की टॉर्च जलाकर आंखों पर फोकस करके देखने लगा

समीर बाबा मोबाइल की रोशनी में महिला रिपोर्टर की आंखें चेक करने लगा। इस दौरान बार-बार सिर ऊपर रखने को कह रहा था।
समीर बाबा (महिला रिपोर्टर से): आगे आओ। चश्मा हटाओ। मुंह ऊपर करो। और आगे आ जाइए… थोड़ा सा। सिर ऊपर करो। आंखें खोलो… पूरी।
(समीर बाबा ने मोबाइल की टॉर्च जलाई और रोशनी कर महिला रिपोर्टर की आंखों में देखने लगा। फिर दूसरे हाथ में सफेद माला पकड़ी और मनके गिनने लगा। बीच-बीच में बिस्मिल्लाह बोलते हुए महिला रिपोर्टर के सिर पर फूंक मारने लगा। बीच में सिर पर हाथ लगाकर सिर ऊपर रखने की हिदायत दी। करीब 1 मिनट तक ये सब करने के बाद पीछे हटने को कहा)
समीर बाबा (रिपोर्टर से): आप आगे आ जाइए। (फिर रिपोर्टर के साथ यही क्रम दोहराया)।
रिपोर्टर: क्या समस्या है बाबा?
समीर बाबा: स्पर्म जांच कराई थी?
रिपोर्टर: हां।
समीर बाबा: कितने पर्सेंट है?
रिपोर्टर: सामान्य थी।
समीर बाबा: जांच कराओ। इसी रोड पर जाएंगे, जहां मैं बताऊंगा। मैं दुआ करूंगा और दवा वहां चलेगी। 6 महीने की गारंटी लेता हूं। इंशा अल्लाह… चाहेंगे तो 6 महीने से पहले बच्चा ठहर जाएगा।
रिपोर्टर: ठीक।
बाबा बोला- ताबीज पानी में डालकर पीना

बाबा ने कहा- ताबीज दे रहा हूं, पति-पत्नी दोनों को इसे पानी में डालकर रात को पीना होगा।
समीर बाबा (महिला रिपोर्टर की ओर इशारा करते हुए): इसी में गड़बड़ दिखा रहा है।
रिपोर्टर: जी, इसका निदान कैसे होगा?
समीर बाबा: ताबीज बनाया है। सुबह-शाम पानी (खुद के द्वारा दुआ फूंककर दिया गया पानी) में घोलकर पिएंगे। आप भी पिएंगे।
रिपोर्टर: ठीक।
समीर बाबा (महिला रिपोर्टर से): रात को खाना खा लेंगी। फिर एक घंटा गैप करना। इसके बाद ताबीज डालकर पानी पिएंगी।
रिपोर्टर: ठीक।
बाबा बोला- बच्चा रुक जाएगा तो जो कहूंगा कराना पड़ेगा

समीर बाबा ने कहा कि काम हो जाएगा, तो जो कहूंगा करना पड़ेगा। मेरे कहे अनुसार तंत्र पूजा करानी पड़ेगी।
समीर बाबा: यहां से 7 किलोमीटर दूर पकड़िया चौराहे पर चले जाइए। जहां पर स्टार मेडिकल एजेंसी नाम की एक डॉक्टर की क्लिनिक मिलेगी। वहां पर एक डॉक्टर हैं, जो आपका और आपकी पत्नी का टेस्ट करवाएंगे।
रिपोर्टर: बाबाजी कैसा टेस्ट?
समीर बाबा: अरे यह देखना होगा न कि किसमें क्या कमी है? एक चीज और बता दे रहा हूं। जब बच्चा रुक जाएगा… तो मैं जो कहूंगा… बैठाकर काम (पूजा और तंत्र-मंत्र) कराने के लिए… वो काम कराना पड़ेगा।
रिपोर्टर: कितना समय लगेगा इसके…?
समीर बाबा: 6 महीने के अंदर बच्चा रुक जाएगा। जिस दिन बच्चा रुक जाएगा… तो मैं दोनों को बैठाकर पूजा कराऊंगा। चाहे घर बुलाइएगा… या मेरे यहां करवा लो। आपकी मर्जी है।
रिपोर्टर: हमारे घरवाले नहीं मानेंगे। वहां नहीं करा पाएंगे।
समीर बाबा: …तो यहां करा लो। यहां बहुत लोगों ने कराया है।
रिपोर्टर: ठीक है।
तुम्हारी पत्नी की कोख में प्रॉब्लम है, 10-12 हजार का सामान लगेगा

समीर बाबा ने कहा- आपकी पत्नी की कोख में प्रॉब्लम है इसीलिए बच्चा नहीं ठहर रहा है।
समीर बाबा (महिला रिपोर्टर को देखकर) : इनको ही गड़बड़ हुआ है। कोख से प्रॉब्लम है। इसलिए बच्चा रुकने के बाद काम करा लेना चाहिए।
रिपोर्टर: इसमें खर्च कितना होगा?
समीर बाबा: पहले बच्चा रुकने दो। 50 हजार या 1 लाख की दवा नहीं। बस 10-12 हजार रुपए का सामान लगेगा।
रिपोर्टर: ठीक है।
समीर बाबा: हमारा मेहनताना देना… बस।
समीर बाबा (पैथोलॉजी संचालक को कॉल करके): हां, डॉक्टर साहब। अस-सलाम अलैकुम।
दूसरी ओर से आवाज: नमस्कार।
समीर बाबा: गोरखपुर से हमारे मरीज आ रहे हैं। उनकी वाइफ की जो जांच करानी है… वो करा लीजिए। इनका स्पर्म का जांच करा लीजिए।
दूसरी ओर से आवाज: हां, ठीक है।

समीर बाबा ने पैथोलॉजी संचालक को फोन कर कहा- गोरखपुर से हमारे मरीज आ रहे हैं।
समीर बाबा: देखिएगा… मेरे बहुत क्लोज हैं। स्पर्म जांच कर मुझे जरूर बताइएगा। भेज रहे हैं इनको।
दूसरी ओर से आवाज: ठीक है।
समीर बाबा (फोन काटते हुए): हमने 100-150 मरीज इनके यहां भेजे होंगे। आज तक कोई खाली नहीं गया है।
रिपोर्टर: हूं।
समीर बाबा: ये पकड़िए… उनका (पैथोलॉजी लैब) पर्चा है। इसी में फोन नंबर भी है। वो इस चीज का स्पेशलिस्ट है।
रिपोर्टर: अच्छा।
समीर बाबा: आपको आधा घंटे का टाइम लगेगा। रिपोर्ट आए तो हमको बता दीजिएगा… कितना स्पर्म था।
रिपोर्टर: ठीक।
समीर बाबा: थोड़ा-बहुत आपको दिक्कत है… ज्यादा दिक्कत नहीं है आपको।
रिपोर्टर: ठीक।
समीर बाबा (महिला रिपोर्टर की ओर इशारा करते हुए): इनकी कोख में दिक्कत है।
रिपोर्टर: चलिए… अब कराते हैं इलाज।

चमत्कारी बाबा ने हमें ताबीज दिया। कहा- इसे पानी में डालकर दोनों को पीना होगा।
समीर बाबा: ये ताबीज है। रात को ये ताबीज आप भी पिएंगे, ये भी पिएंगी। एक ताबीज निकाल लीजिएगा। खाना खाने के बाद… इसे पानी में डाल देंगे। सुबह-शाम पानी पिएंगे।
रिपोर्टर: कितने दिन?
समीर बाबा: 15-16 दिन। हाजिरी भी लगेंगे।
रिपोर्टर: ठीक।
इसके बाद बाबा महिला रिपोर्टर के सिर के बालों की लट हाथ में लेकर बुदबुदाने लगा

समीर बाबा कुछ बुदबुदा रहा था, साथ ही महिला रिपोर्टर के सिर के बालों में गांठ लगाता जा रहा था।
समीर बाबा (महिला रिपोर्टर से): ऐ… बाल दो अपना… आगे से निकालकर। …और आगे आ जाओ… डरो मत।
(महिला रिपोर्टर के सिर के बालों की एक लट अपने हाथ में लेकर बाबा समीर कुछ बुदबुदाने लगा, जिससे लगे कि वो आयतें पढ़ रहा है। फिर बालों में गांठ बांध दी और फूंक मारने लगा। अपने हाथ से महिला रिपोर्टर के सिर पर 3 बार मारा भी)
समीर बाबा (महिला रिपोर्टर से): इन बालों को ऐसे ही रखना… खोलना मत। ठीक है।
रिपोर्टर: बाबा… कुछ दें क्या?
समीर बाबा: हां, दे दीजिए… अपनी खुशी से… जो देना है।
रिपोर्टर: कितना दूं? बता दीजिए?
समीर बाबा: 200 रुपए दे दीजिए।
हमने 500 का नोट दिया। समीर ने 300 रुपए वापस कर दिए। इसके बाद हम उठकर बाहर आ गए। जाते समय समीर ने एक बार फिर पैथोलॉजी लैब जाने की याद दिलाई। यह भी कहा कि जांच रिपोर्ट फोन पर बता देना। हम हां, कहकर गाड़ी में आकर बैठ गए।
अब पढ़िए, पैथोलॉजी संचालक कैसे समीर बाबा के साथ मिला है? समीर बाबा के दरबार से निकलकर हम पैथोलॉजी लैब पहुंचे। यहां का संचालक अल्ताफ अंसारी है, जो खुद को फिजिशियन बताता है। कहने लगा, अच्छा आपको समीर बाबा ने भेजा है। बिना कुछ देखे ही उसने कहा- आप लोगों की जांच होगी। एक लड़का आया और रिपोर्टर का स्पर्म, ब्लड और महिला का ब्लड सैंपल लिया। हर जांच के 850 रुपए जमा कराए और कहा कि रिपोर्ट कल आएगी।

ये पैथोलॉजी लैब का संचालक अल्ताफ अंसारी है। इसने रिपोर्ट देखने के बाद कहा- यह बाबा को भी दिखा लीजिए।
एक दिन बाद जब जांच रिपोर्ट आई, तो संचालक अल्ताफ अंसारी ने बताया- पत्नी में दिक्कत है। जांच रिपोर्ट बाबा को दिखा लीजिए। वह दुआ करके दवाई देंगे। दवाई करने के एक हफ्ते बाद आपको फिर दोबारा आना होगा। इसके बाद आप दोनों की जांच होगी। उस जांच की रिपोर्ट आने के बाद आपकी पत्नी का इलाज शुरू होगा। समीर बाबा चाहेंगे, तो आपकी पत्नी को बच्चा जरूर होगा।
1500 रुपए लेकर कागज की 7 पर्चियां दीं, बोला- पानी में घोलकर पी लीजिए जांच रिपोर्ट आने के बाद हम बाबा के दरबार गए, तो वे नहीं मिले। उन्हें कॉल किया तो उन्होंने 7 पर्चियां भिजवाईं। उन पर अरबी भाषा में लिखा था। साथ ही 2 बोतल पानी में लौंग डालकर दिलाया।
बाबा ने कहलाया- रोज एक पर्ची पानी में घोलकर पत्नी को पिलाओ, गारंटी के साथ बच्चा होगा। एक हफ्ते के बाद आप दोनों को फिर आना होगा। इसके बाद आगे का इलाज शुरू करेंगे। पर्चियों के बदले समीर बाबा के सेवक ने 1500 रुपए लिए।

समीर बाबा ऐसी पर्चियां बनाकर देता है। इन्हें पानी में घोलकर पीने को कहता है।
बाबा की ठगी का गणित- एक कपल से 40-50 हजार ऐंठ रहा समीर बाबा ने पहले दिन से ही रुपए ऐंठना शुरू कर दिया था। उसने 30 रुपए की लौंग मंगवाई, जो अपने पास रख ली। दूसरी बार जब पति-पत्नी के रूप में गए, तो 200 रुपए फीस ली। हर सप्ताह दरबार में आने का दबाव बनाया। यानी हर बार 200 रुपए चढ़ावा देना होगा। पूजा की जरूरत बताई, जिस पर 10-12 हजार का खर्च बताया।
पैथोलॉजी लैब में 2550 रुपए की 3 जांच कराईं, जबकि ये जांच डॉ. लाल पैथ लैब में 1350 रुपए में हो रही हैं। यानी यहां भी बाबा ने 1200 रुपए कमीशन खाया। ये हर 15 दिन में जांच के लिए बोल रहा था। फिर कागज की 7 पर्चियों के बदले 1500 रुपए लिए। अगर इन सबका टोटल करें तो बाबा एक कपल से 20-25 हजार रुपए ऐंठ रहा है। इस तरह 6-8 महीने में 40-50 हजार रुपए खर्च करा देता है।

समीर बाबा पैथालॉजी से भी सेटिंग कर कमाई कर रहा है।
अब जानिए, कौन है समीर बाबा समीर उर्फ सद्दाम गांव में गुंडागर्दी गैंग चलाता था। धीरे-धीरे झाड़-फूंक कर लोगों को गुमराह करने लगा। अभी ये अपनी बहन की 2 डिसमिल जमीन (करीब 871 वर्गफीट) पर दरबार लगा रहा है। इसकी पत्नी और बच्चे गांव में ही रहते हैं। पिता अमिरुल्लाह क्षेत्र में घूमकर छाते सुधारते थे। समीर के भाई फखरुद्दीन और सफाउद्दीन मछली पालन करते हैं। एक भाई मुसाफिर लखनऊ में पेंट-पॉलिश का ठेकेदार है। एक अन्य भाई लाल मोहम्मद गो तस्करी में जेल जा चुका है। छोटा भाई नईम अहमद ग्राम प्रधान है।

समीर उर्फ सद्दाम के खिलाफ लिखा गया पत्र, जिसमें ये कहा गया है कि वह दबंग है।
सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट बोलीं- रिपोर्ट नॉर्मल है हमने अधिकृत पैथोलॉजी लैब से टेस्ट कराया। फिर दोनों जांच रिपोर्ट दिखाई तो गोरखपुर की सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. सुरहिता करीम ने बताया- दोनों रिपोर्ट पूरी तरह नॉर्मल है।


ADG बोले– आपराधिक गतिविधि शामिल मिली तो कड़ा एक्शन लेंगे


————————
भास्कर इन्वेस्टिगेशन की ये खबरें भी पढ़ें-
यूपी में फर्जी बाबाओं का भंडाफोड़:पर्चा बनाने, सिक्का नचाने और पानी में लौंग डालने का ढोंग, पार्ट-1

यूपी में लोग ढोंगी बाबाओं के चक्कर में फंस रहे हैं। इनमें कोई पर्चा बनाने, कोई सिक्का नचाने तो कोई पानी में लौंग डालकर इलाज का ढोंग कर रहा है, जबकि पर्चा लिखने के पीछे न कोई धर्म है और न ही विज्ञान। आखिर ये बाबा कौन हैं? अपना दरबार कहां लगाते हैं? ये कौन-कौन से काम का दावा करते हैं? लोगों को कैसे ठगते हैं? इन सवालों के जवाब के लिए दैनिक भास्कर की टीम ने कुशीनगर, महराजगंज जिले के गांवों में 20 दिन तक इन्वेस्टिगेशन किया। पढ़िए पूरी खबर
यूपी में कैमरे पर लाशों का सौदा:पोस्टमॉर्टम कर्मचारी-पुलिस की डील, बोले- एक लाश डेढ़ लाख में

‘महीने में 30 से 40 लाशें निकल जाती हैं। आप बहुत कम दे रहे हैं। अभी पुराना रिकॉर्ड देखा जाए… उस समय डेढ़ लाख का रेट चल रहा था। राममूर्ति वाले डेढ़ लाख रुपए देकर जाते थे।’ यह दावा है बरेली के पोस्टमॉर्टम हाउस के कर्मचारी सुनील का। यूपी के बरेली में लाशों का सौदा हो रहा है। दैनिक भास्कर के हिडन कैमरे पर सुनील कह रहा है- जो पैसे आप हमें दोगे, हम तो नमक के बराबर रखते हैं। बाकी पैसे ऊपर अधिकारी को देने पड़ते हैं। लाशों के इस सौदे में पुलिस भी शामिल है। पढ़ें पूरी खबर