मुंबई3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खाड़ी में गिरी ऑडी कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
नवी मुंबई के बेलापुर में गूगल मैप के गलत रास्ता बताने के कारण एक ऑडी कार खाड़ी में गिर गई। घटना शुक्रवार-शनिवार रात करीब 1 बजे हुई। कार चला रही महिला उल्वे की ओर जा रही थी।
बेलापुर में गूगल मैप ने महिला को पुल के नीचे का रास्ता बताया। महिला ने मैप देखते हुए पुल के ऊपर जाने की बजाय नीचे का रास्ता पकड़ लिया। नतीजतन, उसकी कार सीधे ध्रुवतारा जेट्टी से खाड़ी में गिर गई।
समुद्री सुरक्षा पुलिस ने कार को खाड़ी में गिरते हुए देख लिया। वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला पानी में बह रही थी। इसके बाद रेस्क्यू बोट और गश्ती टीम की मदद से महिला को बचाया गया।

समुद्री सुरक्षा पुलिस के साथ महिला, जो कार के साथ खाड़ी में गिर गई थी।

पुलिस ने बरामद कार की जांच की, जो खाड़ी में गिरने के कारण डैमेज हो गई है।


गूगल मैप के कारण पहले भी कई हादसे हुए-
1. 25 नवंबर 2024: गूगल गलत रास्ते पर ले गया था, रामगंगा में कार गिरने से हुई थी 3 की मौत 25 नवंबर को भी बरेली में गूगल मैप की वजह से कार आधे-अधूरे पुल से नीचे गिर गई थी। हादसे में कार में सवार 2 भाइयों समेत 3 युवकों की मौत हो गई थी। तीनों गूगल मैप के सहारे कार से बरेली आ रहे थे। लोकेशन के हिसाब से चल रहे युवक पुल पर पहुंच गए। कोहरे के कारण पुल समझ में नहीं आया और कार रामगंगा नदी में गिर गई।

हादसा फरीदपुर थाना क्षेत्र के खल्लपुर इलाके में हुआ। कार रामगंगा नदी पर फरीदपुर-बदायूं के दातागंज को जोड़ने वाले अधूरे पड़े पुल से गाड़ी नीचे जा गिरी। गाड़ी में मैनपुरी निवासी कौशल और फर्रुखाबाद के विवेक कुमार और अमित सवार थे। गाड़ी दातागंज की ओर से गूगल मैप के सहारे आ रही थी। यहां पढ़ें पूरी खबर
2. 9 जून, 2025: यूपी के महाराजगंज में फ्लाईओवर से लटक गई कार उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में गूगल मैप के बताए रास्ते पर आगे बढ़ने कारण एक कार अधूरी फ्लाईओवर से नीचे लटक गई थी। इस हादसे में कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। हादसा महाराजगंज जिले के गोरखपुर-सोनौली नेशनल हाईवे स्थित भैया फरेंदा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हुआ। फ्लाईओवर का काम अधूरा था, लेकिन गूगल मैप में पूरा रास्ता दिख रहा था।

फ्लाईओवर पर एक तरफ से काम पूरा हो चुका है। दूसरी तरफ मिट्टी डालकर काम किया जा रहा है।
3. 4 मार्च: ग्रेटर नोएडा में कार नाले में गिरी, स्टेशन मास्टर की मौत यूपी के ग्रेटर नोएडा में गूगल मैप के गलत नेविगेशन डायरेक्शन के कारण एक 31 साल के स्टेशन मास्टर, भरत सिंह कार सहित 30 फीट गहरे नाले में गिर गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। अधिकारियों को कार को नाले से निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल करना पड़ा था। घटना के वक्त एक डिलीवरी बॉय घटनास्थल पर मौजूद था, जिसने पुलिस को जानकारी दी थी।

घटना के समय स्टेशन मास्टर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।