गुवाहाटी42 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
संदीपन गर्ग ने जुबीन के साथ अपनी यह फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की थी। (फाइल फोटो)
देश के मशहूर सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले में गिरफ्तार उनके चचेरे भाई संदीपन गर्ग को DSP पद से सस्पेंड कर दिया गया है। वे असम पुलिस सर्विस के अधिकारी हैं और अब तक राज्य के कामरूप जिले में तैनात थे। उन्हें बुधवार को सिंगर की मौत मामले में गिरफ्तार किया गया था।
उन्हें 7 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। वह जुबीन की मौत मामले में गिरफ्तार होने वाले पांचवें व्यक्ति हैं। सिंगापुर में जुबीन की मौत के समय संदीपन उनके साथ थे। सिंगर की पत्नी गरिमा ने दावा किया कि संदीपन ने जुबीन के साथ सिंगापुर जाने की इच्छा जताई थी।
गरिमा के मुताबिक, संदीपन कभी विदेश नहीं गया था। उसने जुबीन से कहा कि वह उनके साथ सिंगापुर जाना चाहता है। जुबीन उसे अपने साथ ले जाने के लिए तुरंत तैयार हो गए। गरिमा ने बताया कि संदीपन की हाल ही में पुलिस फोर्स में नौकरी लगी थी। वे इससे पहले मॉडलिंग और एक्टिंग करते थे।
जुबीन के पत्नी ने बताया कि संदीपन ने उनके साथ 3-4 बार मॉडलिंग प्रोजेक्ट किए थे। जुबीन हमेशा नए टैलेंट को प्रोत्साहित करते थे और चूंकि संदीपन उनका चचेरा भाई था, इसलिए वे हमेशा उसका हौसला बढ़ाते थे। जुबीन अपने दोस्तों और परिवार के सामने भी अक्सर संदीपन की तारीफ करते थे।

सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान जुबीन के मौत हुई थी जुबीन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर में मौत हुई थी। वे 20 सितंबर को होने वाले नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के लिए सिंगापुर गए थे। इवेंट से एक दिन पहले उन्होंने वाटर एडवेंचर एक्टिविटी में हिस्सा लिया था। दावा किया गया कि स्कूबा डाइविंग के दौरान डूबने से उनकी मौत हो गई।
उनकी मौत मामले में पुलिस ने सबसे पहले नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक श्यामकानु महंत और जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उनके बैंड मेंबर्स शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृत प्रभा महंत को अरेस्ट किया गया।
इसके बाद जुबीन के चचेरे भाई संदीपन को अरेस्ट किया गया। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और लापरवाही से मौत का कारण बनने का केस दर्ज किया गया है। उनसे कुछ दिनों पहले से पूछताछ की जा रही थी।
4 अक्टूबर- गिरफ्तार हुए साथी का दावा- जुबीन को जहर दिया गया था सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में गिरफ्तार उनके बैंड मेंबर शेखर ज्योति गोस्वामी ने 4 अक्टूबर को दावा किया था कि सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और इवेंट ऑर्गनाइजर श्यामकनु महंत ने उन्हें जहर दिया था। दोनों ने हत्या को हादसा दिखाने की साजिश रची थी।
बैंड मेंबर गोस्वामी के 4 दावे…
- हम सभी 19 सितंबर को समुद्र में एक याट पर गए थे। शर्मा के कंट्रोल में लेने के बाद याट समुद्र में खतरनाक तरीके से हिलने लगी थी।। सभी की जान जोखिम में पड़ गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि शर्मा ने असम एसोसिएशन (सिंगापुर) के सदस्य और NRI तन्मॉय फुकन को ड्रिंक की व्यवस्था न करने को कहा और खुद ही सभी को ड्रिंक्स देने की बात कही।
- जब जुबीन को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी और वो लगभग डूब रहे थे, तब शर्मा चिल्लाते हुए सुने गए, ‘जाबो दे, जाबो दे’ (जाने दो, जाने दो)।
- जुबीन ट्रेंड स्विमर था। उसने मुझे और शर्मा को भी तैरना सिखाया था, इसलिए उनकी मौत डूबने से नहीं हो सकती।
- शर्मा और महंत दोनों ने सिंगर को जहर दिया और साजिश छुपाने के लिए सिंगापुर को चुना। शर्मा ने मुझे याट के किसी भी वीडियो को किसी के साथ शेयर न करने के लिए कहा था।

सिद्धार्थ शर्मा, श्यामकनु महंत, अमृतप्रभा महंत और शेखर ज्योति गोस्वामी के साथ जुबीन की तस्वीरें।
SIT ने अब तक 60 से ज्यादा FIR दर्ज कीं स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने बताया कि जुबीन की मौत के मामले में अब तक राज्य में 10 लोगों के खिलाफ 60 से ज्यादा FIR दर्ज की गई हैं। स्पेशल DGP गुप्ता ने बताया कि सिंगापुर में की गई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्रोटोकॉल के अनुसार परिवार को दी जाएगी। सिंगापुर की जांच टीम ने भी काम किया। उन्होंने परिवार से संपर्क भी किया है।
वहीं, गुवाहाटी में किए गए दूसरे पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट का इंतजार है। विसरा सैंपल को डिटेल जांच के लिए दिल्ली के सेंट्रल फोरेंसिक लैब भेजा गया है। गुप्ता ने कहा कि विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तैयार और हमारे पास उपलब्ध हो जाएगी।
मृत्यु की असली वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम के दौरान शरीर के आंतरिक अंगों जैसे आंत, लिवर, किडनी से लिए जाने वाले नमूने विसरा सैंपल (Viscera sample) कहलाते हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा था कि हमें आरोपियों के खिलाफ कुछ सबूत मिले हैं। इसलिए आगे जांच के लिए उनकी गिरफ्तारी जरूरी थी। SIT सूत्रों के मुताबिक, वीडियो में गोस्वामी गर्ग के बहुत करीब तैरते दिखाई दिए, जबकि अमृतप्रभा ने पूरी घटना को अपने मोबाइल पर रिकॉर्ड किया था।

दावा किया जा रहा है कि सिंगर जुबीन गर्ग का ये वीडियो हादसे से ठीक पहले लिया गया था।
जुबीन ने 38 हजार गाने गाए थे जुबीन का जन्म 18 नवंबर 1972 को असम के तिनसुकिया जिले में हुआ था। वे असमिया और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में गायक, संगीतकार, गीतकार, एक्टर और डायरेक्टर रहे। उन्होंने असमिया, हिंदी, बांग्ला और अंग्रेजी भाषा में गाने गाए हैं।
इसके अलावा सिंगर ने बिष्णुप्रिया मणिपुरी, आदि, बोरो, अंग्रेजी, गोलपारिया, कन्नड़, कार्बी, खासी, मलयालम, मराठी, मिसिंग, नेपाली, उड़िया, संस्कृत, सिंधी, तमिल, तेलुगु, तिवा सहित 40 भाषाओं और बोलियों में 38 हजार से ज्यादा गाने गए। जुबीन असम के हाईएस्ट पेड सिंगर थे।

—————–
जुबीन गर्ग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
जुबीन गर्ग ने अपनी कमाई का 70% जरूरतमंदों को दिया:कंपोजर जॉय चक्रवर्ती ने बताया- सिंगर ने घर कैंसर मरीजों को ठहराने को किया समर्पित

सिंगर जुबीन गर्ग की अंतिम विदाई से पता चला कि लोगों के दिलों में उनके लिए कितनी जगह थी। जुबीन सिर्फ एक अच्छे सिंगर ही नहीं, बल्कि दूसरों की मदद करने में भी आगे रहते थे। यहां पढ़ें पूरी खबर…