हरियाणा में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर बाहर आ गया है। उसे 40 दिन की पैरोल मिली है। राम रहीम मंगलवार सुबह ही सिरसा डेरे के लिए रवाना हुआ। वह 14वीं बार पैरोल लेकर बाहर आया है।
.
बता दें कि राम रहीम रेप और हत्या के केस में 20 साल जेल की सजा काट रहा है। वह इससे पहले 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो पर बाहर आया था, जो सिरसा डेरे में ही रहा था। इस दौरान सिरसा डेरे में अपने अनुयायियों से मुलाकात की। साथ ही डेरे का स्थापना दिवस भी मनाया था।
लग्जरी गाड़ियों का पहुंचा काफिला 40 दिन की पैरोल मिलने के बाद 5 अगस्त को सुनारिया जेल से सुबह करीब साढ़े 6 बजे गुरमीत राम रहीम कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा के लिए रवाना हुआ। उसका लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकला था, जिसमें दो बुलेट प्रूफ लैंड क्रूजर, 2 फॉर्च्यूनर व 2 अन्य गाड़ियां शामिल रहीं।
14वीं बार जेल से बाहर आए रामरहीम डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम अब तक 14 बार जेल से बाहर आ चुका है। रोहतक जेल प्रशासन ने गुरमीत राम रहीम को गुप-चुप तरीके से सुनारिया से सिरसा के लिए भेजा था। राम रहीम को 40 दिन पैरोल मिली है। राम रहीम इस बार बागपत के बरनावा नहीं गया, बल्कि सिरसा स्थित डेरे में रहेगा।

राम रहीम 2017 से जेल में है 25 अगस्त 2017 को 2 साध्वियों के यौन शोषण केस में राम रहीम को 20 साल कैद हुई। इसके बाद 17 जनवरी 2019 को पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्र कैद हुई। वहीं, डेरा मैनेजर रणजीत सिंह के हत्या मामले में अक्टूबर 2021 में CBI कोर्ट ने उसे उम्र कैद की सजा सुनाई।
सजा मिलने के 3 साल बाद राम रहीम को इस मामले में हाईकोर्ट ने बरी कर दिया। अभी राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। यहां से पैरोल और फरलो लेकर वह अब तक 13 बार बाहर आ चुका है। यह 14वां मौका है, जब राम रहीम जेल से बाहर आया है।
हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…