प्रेम नगर स्थित विशाल मेगा मार्ट में लगी भीषण आग।
हरियाणा के अंबाला में आज सुबह करीब 9 बजे विशाल मेगा मार्ट में आग लग गई। आग ने थोड़ी ही देर में पूरे मॉल को चपेट में ले लिया। इसकी जानकारी लोगों को तब हुई, जब मॉल के आगे लगे शीशे आग की गर्मी से चटककर गिरने लगे और धुआं बाहर आने लगा।
.
इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां फौरन मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। हालांकि, आग ज्यादा फैल जाने से इस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
फायर अधिकारी ने बताया कि आग कपड़ों में फैल गई, जिससे इस पर काबू पाने में मुश्किल आ रही है। शीशे भी टूट कर गिर रहे हैं, इसलिए फायर कर्मियों और लोगों को पीछे हटने के लिए बोला गया है। वहीं, अब तक किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। मौके पर और गाड़ियां बुलाई गई हैं।
अंबाला शहर स्थित विशाल मेगा मार्ट बिल्डिंग से निकलता धुआं।
आग बुझाने के लिए गाड़ियों की डिमांड की तकरीबन 2 घंटे से फायर ब्रिगेड की टीमें इस आग पर काबू पाने के लिए लगी हुई हैं। फायर कर्मियों का कहना है कि अभी भी आग मॉल के विभिन्न कोनों में सुलग रही है। सतही तौर पर आग पर काबू पाया गया है। जबकि, अंदर की स्थिति देखने के लिए धीरे-धीरे फायर ब्रिगेड कर्मी जा रहे हैं।
मौके पर 3 गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं, लेकिन वह काफी नहीं है। तीनों गाड़ियां खाली भी हो चुकी हैं। इसलिए, फायर कर्मियों ने और गाड़ियों की डिमांड भेजी है।

फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में लगी है, लेकिन कपड़ों में आग लगने से मुश्किल हो रही है।
कपड़ों ने पकड़ी तेजी से आग फायर अधिकारी का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से यह आग लगी होगी। इसके बाद आग ने कपड़ों को अपनी चपेट में लिया। कपड़ों के चपेट में आने से आग तेजी से फैल गई। इसके बाद आसपास के लोगों और स्टाफ ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सुरक्षित कपड़ों को बाहर निकाला वहीं, आग लगते ही नीचे के फ्लोर से पहले कपड़ों को बाहर निकाला गया, ताकि आग को ज्यादा न फैलने दिया जाए। कुछ कपड़े सुरक्षित जरूर निकले हैं। हालांकि, आग पूरे मॉल में फैली हुई है।

निचली मंजिल से मॉल से कुछ कपड़ों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। हालांकि, अन्य मंजिलों पर अभी टीम नहीं पहुंची है।
शीशे टूट-टूट कर गिर रहे मॉल के फ्रंट में लगे शीशे लगातार आग की गर्मी से टूट-टूट कर गिर रहे हैं। मॉल में अंदर की तरफ अभी आग काफी तेज है। उसको बुझाने का प्रयास लगातार जारी है। शीशों के टूटने की वजह से लोगों को मॉल से पीछे की ओर किया जा रहा है।
नारायणगढ़ से बुलाई हैं और गाड़ियां बलदेव नगर थाने के SHO रमेश कुमार ने बताया कि आग की सूचना लगते ही सिटी, कैंट और नारायणगढ़ से दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं। लगातार आग पर काबू करने का प्रयास जारी है।
उन्होंने बताया कि अभी भी आग काफी तेज है। हालांकि, कोई जानी नुकसान की सूचना नहीं है। एक बार आग बुझने के बाद अंदर के हालात देखे जाएंगे।
हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…