बीकानेर जिले में सोमवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही।
राजस्थान के कोटा में भारी बारिश के चलते कोटा-मुंबई ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुआ है। हादसा दरा रेलवे स्टेशन के नजदीक बुधवार तड़के 3 बजे हुआ है।
.
जानकारी के अनुसार इलाके में डेढ़ घंटे तक मूसलाधार बरसात हुई है। इस कारण कई बड़े पत्थर ट्रैक पर गिर गए। इसके बाद रुट की 9 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशन पर रोका गया।
वहीं, मौसम केंद्र जयपुर ने आज 13 जिलों में बरसात का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर सिस्टम बनने से राजस्थान में अगले चार दिन तक बारिश का दौर जारी रहेगा।
ये ट्रेनें हुईं प्रभावित
कोटा मंडल के डीआरएम के अनुसार नागदा रेलखंड में भारी बारिश से रेलवे ट्रैक पर पत्थर गिरे हैं। इस कारण 9 ट्रेनों को रोका गया है। इनमें गरीब रथ (12909), बांद्रा-जयपुर सुपरफास्ट (12979), बांद्रा-सूबेदारगंज स्पेशल (04126), मन्नारगुडी-भगत कोठी (22674), मुंबई-दुरंतो सुपरफास्ट (22210), गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस (15636), नई दिल्ली-डॉक्टर अंबेडकर सुपरफास्ट (20156), स्वर्ण मंदिर मेल (12903), मुंबई-जयपुर (12955) सुपरफास्ट शामिल हैं।
कोटा के दरा में ट्रैक पर लैंडस्लाइड से बुधवार सुबह से इस ट्रैक पर यातायात प्रभावित हैं। यहां से निकलने वाली ट्रेनों को पास के रावठा, अलनिया मोड़क, और रामगंज मंडी स्टेशन पर रोका गया है।
बांध टूटने से जयपुर के कई गांव डूबे
इससे पहले मंगलवार को जालोर, सिरोही, दौसा, जोधपुर, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में बरसात के कारण हादसे सामने आए।
दौसा के लालसोट में कच्चा बांध टूटने से जयपुर के कई गांव डूब गए। लालसोट के नालावास डैम के टूटने से सैकड़ों लोग बांध के पानी में फंस गए।
कोटखावदा और चाकसू तहसील 5 से ज्यादा गांव प्रभावित हुए। प्रतापगढ़ में टीचर पुलिया से माही नदी में गिर गया। वहीं सवाई माधोपुर में स्टंट कर रहा युवक बांध में बह गया।

सवाई माधोपुर के ढील बांध पर मंगलवार को एक युवक बह गया। स्टंट करते युवक को लोगों ने रोका भी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी।
7 सितंबर तक बारिश रहने की संभावना है
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- मानसून ट्रफ वर्तमान में बीकानेर, जयपुर, दतिया, सीधी, पुरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
एक अन्य ट्रफ पंजाब, हरियाणा, नॉर्थ-ईस्ट राजस्थान होते हुए गुजर रही है। एक लो-प्रेशर सिस्टम मंगलवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना है, जिसके कारण राजस्थान में 7 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

जयपुर में चाकसू के कोटखावदा क्षेत्र में बारिश के बाद मुख्य सड़क पर भरा पानी।


….
राजस्थान में मानसून से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…