नई दिल्ली27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पीएम मोदी ने इसी साल जुलाई में ब्रिटेन का दौरा किया था।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के दो दिवसीय भारत दौरे का आज आखिरी दिन है। वे आज सुबह करीब 10 बजे पीएम मोदी से मिलेंगे और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) जल्द लागू करने पर बात करेंगे।
पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता में व्यापार, सुरक्षा, तकनीक और शिक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। दोनों नेता ‘विजन 2030’ के तहत भारत-ब्रिटेन के रिश्तों को मजबूत बनाने पर जोर देंगे।
मोदी और स्टार्मर इसके बाद जियो वर्ल्ड सेंटर जाएंगे। यहां ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 में हिस्सा लेंगे। ये दुनिया का सबसे बड़ा फिनटेक इवेंट है।
इस इवेंट में फिनटेक कंपनियां, पॉलिसी मेकर्स, बैंकर्स और इनोवेटर्स से मुलाकात होगी। स्टार्मर और मोदी डिजिटल पेमेंट, तकनीक और व्यापार के भविष्य पर बात करेंगे।
स्टार्मर के भारत दौरे के पहले दिन की 5 तस्वीरें…

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को यशराज स्टूडियो में बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी और CEO अक्षय विधानी के साथ फिल्म देखी।

स्टार्मर ने यशराज स्टूडियो के टेक्निकल कामकाज का जायजा भी लिया।

स्टार्मर ने मशहूर फुटबॉलर माइकल ओवेन के साथ इंग्लिश प्रीमियर लीग के फुटबॉल शोकेस इवेंट में हिस्सा लिया। दोनों ने बच्चों के साथ फुटबॉल खेला और उनसे बात की।

स्टार्मर ने गेटवे ऑफ इंडिया के सामने ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर हरजिंदर कांग और भारत में ब्रिटिश हाई कमिश्नर लिंडी कैमरन से बातचीत की।

स्टार्मर ने मुंबई में एक खास समारोह में हिस्सा लिया, जो भारत और ब्रिटेन के बीच दोस्ती बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया था।
मोदी-स्टार्मर मुलाकात में 4 अहम मुद्दे…
- व्यापार और निवेश: दोनों देशों ने हाल ही में एक बड़ा व्यापार समझौता (CETA) किया है। इस पर चर्चा होगी ताकि व्यापार को और बढ़ाया जा सके, जिससे दुकानों, कारोबार और नौकरियों में बढ़ोतरी हो।
- तकनीक और इनोवेशन: फिनटेक (डिजिटल पैसे का लेन-देन), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग (नई तरह के सुपरफास्ट कंप्यूटर) और साइबर सिक्योरिटी (ऑनलाइन सुरक्षा) जैसे क्षेत्रों में दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
- डिफेंस और सिक्योरिटी: आतंकवाद को रोकने, खालिस्तानी गतिविधियों पर नजर रखने और आर्थिक अपराधियों को पकड़ने के लिए बात होगी।
- जलवायु, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आपसी रिश्ते: दोनों देश पर्यावरण को बचाने, साफ ऊर्जा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और लोगों के बीच दोस्ती बढ़ाने पर भी ध्यान देंगे।
जुलाई में भारत-UK ने FTA पर साइन किए
भारत-ब्रिटेन ने इसी साल जुलाई में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर दस्तखत किए थे। इस समझौता का मकसद आपसी व्यापार को 2030 तक दोगुना करके 120 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।
FTA से भारतीय प्रोडक्ट्स जैसे- कपड़े, चमड़ा और एग्री प्रोडक्ट को ब्रिटेन में बेचना आसान हो जाएगा। स्टार्मर का दौरा दोनों देशों के वाणिज्यिक संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बेंगलुरु में इन्वेस्टमेंट और टेक्नोलॉजी पर बात करेंगे
मुंबई के बाद कीर स्टार्मर बेंगलुरु जाएंगे। बेंगलुरु भारत का टेक्नोलॉजी हब है, जहां वे निवेश और तकनीक पर बात करेंगे।
उनका मकसद भारत-ब्रिटेन टेक्नोलॉजी सिक्योरिटी इनिशिएटिव (TSI) को तेज करना है। इसमें AI, क्वांटम कंप्यूटिंग और बायोटेक जैसे सेक्टर शामिल हैं। FTA के बाद निवेश बढ़ाने पर खास जोर होगा।
- टेक्नोलॉजी सिक्योरिटी इनिशिएटिव (TSI): भारत और ब्रिटेन ने हाल ही में TSI नाम का एक प्रोग्राम शुरू किया है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम होगा। स्टार्मर बेंगलुरु में टेक कंपनियों और स्टार्टअप ओनर्स से मिलेंगे और इस प्रोग्राम को तेज करने की योजना बनाएंगे।
- निवेश बढ़ाने का प्लान: स्टार्मर ब्रिटिश कंपनियों को भारत में ज्यादा पैसा लगाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे, खासकर टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में। इससे भारत में नई नौकरियां पैदा होंगी और अर्थव्यवस्था को फायदा होगा।
- स्टार्टअप्स को सपोर्ट: बेंगलुरु में स्टार्मर स्टार्टअप के साथ बात करेंगे। वे उन्हें ब्रिटेन में बिजनेस शुरू करने के लिए प्रेरित करेंगे और सहयोग के नए मौके तलाशेंगे।
——————————————-
यह खबर भी पढ़ें…
ब्रिटिश PM स्टार्मर ने रानी मुखर्जी के साथ फिल्म देखी:यशराज स्टूडियो का दौरा किया, आज 100 मेंबर का डेलिगेशन लेकर मुंबई पहुंचे

ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने बुधवार को मुंबई में बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी के साथ फिल्म देखी। उन्होंने यशराज स्टूडियो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीईओ अक्षय विधानी से भी मुलाकात की। उन्होंने कौन सी फिल्म देखी इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। यहां पढ़ें पूरी खबर…