केंद्र सरकार ने हाल ही में GST में सुधार किया है। रिफॉर्म में बीड़ी पर टैक्स घटाया गया है। GST रिफॉर्म को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। इसी बीच केरल कांग्रेस के एक पोस्ट से विवाद गहरा गया है।
.
पोस्ट में लिखा गया- ‘बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।’
बीजेपी ने इसे बिहारियों का अपमान बताया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, ‘बिहारी का अपमान करना बिहारी को छोटा दिखाना यह कांग्रेस पार्टी का काम है।’
वहीं जदयू सांसद संजय झा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तंज कसते हुए लिखा- ‘B’ से सिर्फ बीड़ी नहीं बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है। हालांकि, केरल कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से ये पोस्ट फिलहाल डिलीट कर दिया गया है।
GST को लेकर केरल कांग्रेस के पोस्ट, फिलहाल ये पोस्ट डिलीट कर दिया गया है।
पहले केरल कांग्रेस का वो पोस्ट, जिसपर बवाल मचा
केरल कांग्रेस ने तंबाकू से जुड़े सामानों पर लगने वाले GST की लिस्ट शेयर की। इसमें दिख रहा है कि तंबाकू पर जीएसटी मौजूदा 28 पर्सेंट से बढ़ाकर 40 पर्सेंट कर दिया गया है।
सिगरेट और सिगार पर भी इसी तरह टैक्स बढ़ाया गया है। मगर बीड़ी पर GST कम कर दिया गया है। बीड़ी पर पहले 28 पर्सेंट GST था, जिसे घटाकर 18 पर्सेंट कर दिया गया है।
साथ ही पोस्ट में लिखा- ‘बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।’
जदयू सांसद बोले- ‘B’ से बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है
कांग्रेस के पोस्ट पर जदयू सांसद संजय झा ने पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स और फेसबुक पर लिखा- ‘कांग्रेस की एक और अत्यंत शर्मनाक हरकत! आपको बता दें कि B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है! B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है।’

सांसद ने आगे लिखा- ‘बिहार की पावन भूमि पर आदिशक्ति मां जानकी प्रकट हुई थीं। यहीं आकर भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम के अनेक महान सेनानियों की भूमि बिहार ने ही देश को संविधान का पहला मसौदा और पहला राष्ट्रपति दिया है।
‘इसी बिहार ने गांधी जी को राष्ट्रपिता बनाया। और हां, इसी बिहार की भूमि से संपूर्ण क्रांति का बिगुल भी फूंका गया था, जिसने कांग्रेस की तानाशाह सत्ता को उखाड़ फेंका था।’
‘यकीन मानिए, बिहार की महान जनता कांग्रेस द्वारा बार-बार किये जा रहे अपमान का करारा जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में देगी—बीड़ी के धुएं से नहीं, वोट की चोट से।’
JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने पूरे विवाद पर तेजस्वी यादव से जवाब मांगा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘नेता प्रतिपक्ष को जवाब तो देना पड़ेगा, क्या बिहार बीड़ी का पर्याय है? जनता EVM से बताएगी कि बिहार आत्मसम्मान से जीता है।’

बिहार BJP अध्यक्ष बोले- बिहारी को छोटा दिखाना कांग्रेस का काम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, ‘जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने अपनी मानसिकता और विचार को बिहार के प्रति बताया है। किस तरह से कांग्रेस पार्टी के नेता बिहार और बिहारियों को अपमानित करने का काम करते हैं।
‘आज आपने केरल कांग्रेस के पोस्ट से समझ लिया कि बिहारी का अपमान करना बिहारी को छोटा दिखाना यह कांग्रेस पार्टी का काम है और इसीलिए बी से बीड़ी और बी से बिहारी बताया।’
‘आज बिहार की जनता कांग्रेस पार्टी से पूछ रही है कि क्या बिहारी की तुलना आप बीड़ी से करते हैं। जिस तरह से अपमानित करने का काम कांग्रेस पार्टी ने बिहार की जनता खास करके गरीबों को अपमानित करने का किया है, बिहार की जनता इनको कभी माफ नहीं कर सकती है।’
‘जब से यह पोस्ट हुआ है पूरे बिहार की जनता कांग्रेस बात कह रही है कि आपकी मानसिकता जाहिर हो गई।’